सोमवार, 3 मई 2021

एनएसएस के कैडेट्स द्वारा पक्षियों और पशुओं के लिये लगाये सकोरे तथा जलपात्र

कटनी -: पक्षी प्रकृति की अनमोल देन है। ऊंचे आकाश में उड़ते हुए यह सुंदर जीव अनंत काल से ही मानव कल्पना को प्रेरित करते रहते हैं। ग्रीष्म ऋतु में भीषण गर्मी एवं लू के चलते यह नन्हे पक्षी बड़ी संख्या में मृत्यु को प्राप्त होते हैं। जल की कमी इसका मुख्य कारण है।

            


                         हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी समस्त अधिकारी एवं स्वयंसेवको ने कोरोना के नियमो का पालन करते हुए अपने अपने घरों की छत पर एवं बाहर जल पात्र एवं सकोरे लगाए है। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से फोटो भेज कर अन्य लोगो को सकोरे लगाने हेतु जागरूक करने का कार्य भी इनके द्वारा किया जा रहा है। इनके द्वारा प्रतिदिन पक्षियों के लिए घर की छत में छोटे छोटे पात्रों में दाना पानी रखा गया हैजिससे गर्मी में थक कर आए पक्षी जल ग्रहण कर पुनः अनंत आकाश में गोता लगा सकें। आप सभी से आग्रह है कि अपनी अपनी छतों में पक्षियों के लिए सकोरे एवं बेजुबान पशुओं के लिए जल पात्र रखे।

सांसद शर्मा ने कटनी के लिए भेजीं 25 ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर मशीनें, ऑक्सीजन कन्सन्ट्रेटर मशीनें बनेंगी जीवनदायनी, कलेक्टर ने सांसद के प्रति आभार किया व्यक्त

कटनी -: कोरोना की इस विपदा में शासन और प्रशासन तन्मयता के साथ काम कर रहा है। कोविड की रोकथाम के लिये शासन द्वारा हर स्तर पर प्रयास किये जा रहे हैं। जिले में जनप्रतिनिधि भी कोरोना की इस लड़ाई में जीत के लिये अपना सक्रिय योगदान दे रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद वी.डी. शर्मा द्वारा कटनी के लिये 25 ऑक्सजीन कन्सन्ट्रेटर मशीनें भेजी गईं। इन मशीनों को उनके प्रतिनिधि के रूप में भाजपा के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को सौंपा।

         सांसद शर्मा द्वारा 75 ऑक्सीजन कन्सन्ट्रेटर मशीनें भेजी जानी हैं। अभी 25 मशीनें प्राप्त हुई हैं। जिन्हें हमने प्रशासन को सौंपा है। शेष मशीनें भी शीघ्र प्राप्त होंगी। ये मशीनें कोविड पेशेन्ट्स के लिये जीवनदायिनी बनेंगी। उन्होनें कहा कि इन कृतिम ऑक्सीजन मशीनों से किसी भी जरूरतमंद को त्वरित ऑक्सीजन मिल सकती है, जिससे मरीज की प्राण रक्षा हो सकेगी। सांसद शर्मा द्वारा तत्परता और सक्रियता के साथ कोविड की इस लड़ाई में सहयोग कर रहे हैं।

           सांसद  शर्मा द्वारा ऑक्सीजन कन्सन्ट्रेटर मशीनें भेजी गई हैं। उनके द्वारा अन्य चिकित्सीय सामग्री का भी सहयोग किया जा रहा है।

            कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने 25 ऑक्सीजन कन्सन्ट्रेटर मशीनें उपलब्ध कराने पर सांसद शर्मा का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होने कहा कि वर्तमान समय में यह मशीनें बहुत महत्वपूर्ण हैं। जिले में कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिये लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। कोरोना से लड़ाई में यह मशीनें मददगार साबित होंगी।

भारतीय परंपरा में यज्ञ के महत्व' पर वेबिनार आयोजित। पर्यावरण की शुद्धता और मन में सकारात्मकता के लिए करे "यज्ञ" : मंत्री उषा ठाकुर

मध्यप्रदेश -:वैश्विक कोरोना संकटकालीन समय में पर्यावरण की शुद्धता और मन में सकारात्मकता के लिए भारतीय परंपरा में प्रचलित यज्ञ कर्म को बढ़ावा देना चाहिए। पर्यटन, संस्कृति एवं आध्यात्म मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने 'भारतीय परंपरा में यज्ञ के महत्व' पर ऑनलाइन वेबिनार को संबोधित कर रही थी। सुश्री ठाकुर ने कहा कि भारतीय संस्कृति में हमेशा से ही प्रकृति व आस-पास के जीव- जंतुओं के साथ समन्वय बनाकर, सभी के कल्याण के लिए कार्य किया जाता रहा है। कोरोना महामारी संकटकालीन समय में यह और भी आवश्यक हो गया है कि हम अपने आसपास के वातावरण और वायुमंडल को शुद्ध रखें। इस कार्य में यज्ञ की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। 

सुश्री ठाकुर ने आग्रह किया कि यज्ञ दिवस पर सब संकल्प ले कि प्रतिदिन यज्ञ करेंगे और वातावरण को बेहतर बनाकर मानवता की सेवा में अपना योगदान देंगे। 

आध्यात्म विभाग के राज्य आनंद संस्थान द्वारा आयोजित ऑनलाइन वेबिनार में इंदौर के वैदिक विद्वान स्वामी प्रकाश आर्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि यज्ञ भारतीय सांस्कृतिक परंपरा में महत्वपूर्ण कृत्य के रूप में जाना जाता है। यज्ञ का अर्थ केवल हवन करना व अग्नि में आहुति देना भर नहीं है। अपितु यह दान, पुण्य के साथ ईश्वर से जुड़ने का एक सशक्त माध्यम हैं। यज्ञ हमारी सांस्कृतिक परंपरा में काफी व्यापक महत्व रखता है। 

वेबिनार में मुख्य कार्यपालन अधिकारी अखिलेश अर्गल, सत्य आर्य सहित सत्य सनातन वैदिक जीवन पद्धति में विश्वास रखने वाले देश और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से लोग शामिल हुए।

रविवार, 2 मई 2021

17 हजार श्रमिकों के खाते में करेंगे 379 करोड़ रूपये अंतरित ,संबल योजना के हितग्राही होंगे लाभान्वित

मध्यप्रदेश -: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 4 मई को जन-कल्याण संबल योजना में लगभग 17 हजार असंगठित श्रमिक परिवारों के बैंक खाते में 379 करोड़ रूपये सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित करेंगे। सहायता राशि वितरण के इस वर्चुअल कार्यक्रम में श्रम मंत्री श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

संबल योजना प्रदेश के श्रमिक परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ परिवारों को आधार प्रदान करने वाली योजना है। इस योजना के अन्तर्गत श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों की दुर्घटना मृत्यु पर 4 लाख रूपये की राशि उनके आश्रितों को प्रदान की जाती है। इसी तरह सामान्य मृत्यु तथा स्थायी अपंगता पर श्रमिक परिवारों को दो-दो लाख रूपये की अनुग्रह राशि मुख्यमंत्री जन-कल्याण संबल योजना में दी जाती है। योजना में आंशिक स्थायी अपंगता पर एक लाख रूपये उपलब्ध कराने और अन्त्येष्ठि सहायता के रूप में 5 हजार रूपये दिये जाने का प्रावधान भी हैं।

मुख्यमंत्री जन-कल्याण संबल योजना असंगठित क्षेत्र के गरीब श्रमिक परिवारों के लिए संबल प्रदान करने का कार्य कर रही है। योजना प्रारंभ होने से अब तक प्रदेश के 2 लाख 28 हजार हितग्राहियों को 1907 करोड़ रूपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है। पिछले वित्तीय वर्ष में कोरोना महामारी जैसी विषम परिस्थितियों में भी 72 हजार से अधिक हितग्राहियों के बैंक खाते में 582 करोड़ रूपये हितलाभ वितरित किये गये थे।

मुख्यमंत्री जन-कल्याण संबल योजना 2018 में शुरू की गई थी। इसमें असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के जरूरतमंद परिवारों को बच्चे के जन्म के पहले से लेकर पूरे जीवनकाल में मदद दी जाती है। इसमें हाथ ठेला चलाने वाले लोगों से लेकर कबाड़ इकट्ठा करने वाले गरीबों, घरों में काम करने वालों, पत्थर तोड़ने वालों को मदद मिलती है। प्रदेश के ऐसे लाखों गरीब परिवारों के लिये संबल योजना सहारा बनी है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छात्र नेता अजय माली ने शहर की गलियों में घूम घूम कर सैनेटाइज , कोविड 19 से बचाव के लिए लोगो को किया जागरूक

कटनी -: वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के प्रति जागरूकता एवं बचाव हेतु प्रशासन सहित कटनी के विभिन्न समाजसेवी संगठनों द्वारा नागरिकों की सुरक्षा हेतु विभिन्न प्रयास किये जा रहे हैं।  

     विगत दिनों अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्र नेता अजय वीरभद्र माली द्वारा कटनी की विभिन्न गलियों में सेनेटाइजर का छिड़काव  और लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक किया जा रहा है।।

   अजय वीरभद्र माली ने बताया कि ABVP स्टूडेंट फ़ॉर सेवा के माध्यम से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओ द्वारा कोरोना संकट में जरूरतमंदों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं। 

   माली ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए शासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करें, अनावश्यक रूप से घरों से बाहर ना निकलें, मास्क अवश्य लगाएं एवं दो गज की दूरी अवश्य रखें।

मानव सेवा में छुपा है इबादत का तिलिस्म, रमज़ान में युवाओं ने मानव सेवा को माना रब की सेवा,पेश की मिशाल

खरगोन -: शहर के कुछ मुस्लिम समुदाय के युवाओं ने इस रमज़ान महीने में मानव सेवा को ही इबादत का तिलिस्म मानकर सच्ची सेवा में जुटे है। शहर के कपड़ा व्यवसायी बिलाल खत्री सहित कुछ और युवा है जो अस्पताल में भर्ती मरीजो के परिजनों के पास रुपयों के अभाव में बाजार से दवाइयां नही खरीद पा रहे है। तो ये युवा दोस्त अपने हिस्से से रुपये एकत्रित कर अपना सहयोग कर रहे है। इसके अलावा ये पीथमपुर से ऑक्सीजन सिलेंडर भरवा कर जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क ऑक्सीजन रिफिल करके देते है। अब तक इन्होंने 1500 लोगों को ऑक्सीजन रिफिल करके दी है। ऐसे कुछ युवाओं का शहर में वैल्डिंग जैसे कार्यो का व्यवसाय भी है। ये पिछले एक महीने से सेवा कर रहे है।

जिला अस्पताल में भी दे रहे अपनी सेवा -;

जिला अस्पताल प्रबंधक डॉक्टर दीपक यादव ने बताया कि बिलाल खत्री के साथी लोग अस्पताल में पहुँचने वाले जम्बो सिलेंडर से छोटे सिलेंडरों में ऑक्सीजन रिफिल निशुल्क कर देते है। एक जम्बो सिलेंडर से हम 5 सिलेंडरों में ऑक्सीजन भारी जा सकती है। जिससे ज्यादा मरीजो को ऑक्सीजन दे पा रहे है। इससे बचत भी होने लगी है। बिलाल के दोस्तो में अमजद लोहार, सिद्दीकी लोहार, इमरान खान रहीम खान सहित और भी दोस्त है जो रमज़ान के इस पाक महीने में सेवा का सच्चा संदेश दे रहे है।

COVID19 से पीडि़त लोगों के लिये लाईफ लाईन का कार्य कर रहा ‘‘कोविड फाईटर्स’’ ग्रुप, सात दिनों में ग्रुप ने 19 लोगों को डोनेट किया प्लाज्मा

कटनी -:जहां चाह वहां राह। अगर कुछ कर गुजरने की चाह हो, तो मंजिल के लिये रास्ता खुद बन जाता है। यदि वह चाह आमजन की सेवा के लिये हो, तो संपर्कों की कड़ी इतनी मजबूत तैयार होती है, जो ना जाने कितनों के लिये प्राण वायु का काम करती है। एैसे ही एक प्रयास का नाम है, ‘‘कोविड फाईटर’’ वॉट्सअप ग्रुप। जिसे अपने परिजनों और नजदीकी रिश्तेदारों के सहयोग के लिये एक युवा लोक सेवक विवेक त्रिपाठी ने अपने फ्रेण्ड सर्किल के 10 साथियों के साथ शुरु किया था। इसका उद्देश्य बदला, कोरोना के दौरान जरुरतमंदों का सहयोग के लिये ये लोग जुटे। कारवां बढ़ता गया और आज इस ग्रुप मे 117 कोविड फाईटर्स कोरोना की इस विपदा में आमजन के सहयोग के लिये जुड़ चुके हैं और शिद्दत के साथ जरुरतमंदों के लिये सहयोग कर रहे हैं।

 इस ग्रुप में समाजसेवी, मेडिकल फील्ड से जुड़े व्यक्ति, ब्लड डोनेशन का काम करने वाले एनजीओ, पत्रकारों के साथ ही शासकीय लोकसेवक भी जुड़े हुये हैं। इनके द्वारा अब तक विगत 7 दिनों में 19 लोगों की कोविड से रक्षा के लिये कटनी, जबलपुर, भोपाल, मैहर, सतना शहर में प्लाज्मा डोनेट कराया गया है। वहीं 7 मरीजों को वेंटीलेटर की सुविधा भी अपने प्रयासों से इस ग्रुप ने कराई है। 55 जरुरतमंदों को ऑक्सीजन बैड भी अपने संपर्कों के माध्यम से इस ग्रुप के द्वारा उपलब्ध कराया गया है। साथ ही जरुरत पड़ने पर ब्लड भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

 विवेक ने बताया कि कोविड फाईटर ग्रुप ने अब तक कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, होशंगाबाद, भोपाल के लोगों के लिये तत्परता के साथ काम किया और जिन्होने इस ग्रुप से सहयोग मांगा, उनके लिये हर संभव प्रयास टीम के द्वारा किये गये हैं और आगे भी किये जायेंगे। प्रारंभ में जब रेमडेसिविर इंजेक्शन, फार्मसिस्ट के द्वारा विक्रय किये जाते थे, उस समय इसके लिये परेशान हो रहे लोगों को सुगमता से फार्मसिस्ट के कांटेक्ट नंबर की डिटेल भी ग्रुप ने मुहैया कराई।

 ग्रुप के सदस्यों में राहुल मिश्रा, आनंद गर्ग, अमित तीर्थानी और अखिलेश पुरवार हमेंशा जरुरतमंदों के सहयोग के लिये काम कर रहे हैं। 117 लोगों का यह ग्रुप अपने-अपने स्तर पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहा है। इस ग्रुप में जरुरतमंदों के लिये त्वरित रुप से शासन के द्वारा जारी किये जा रहे हेल्पलाईन नंबर्स, हॉस्पिटल के कॉन्टेक्ट नंबर्स, पैथालॉजी सेंटर्स के नंबर और उनकी जानकारी भी साझा की जा रही है। यदि आप भी जरुरतमंदों की मदद के लिये इस ग्रुप से जुड़ना चाहते हैं, तो आप 9098101314, 9981470737 और 9893134907 पर संपर्क कर सकते हैं।

इस ग्रुप के ही एक सदस्य किशन ने जोकि बैंगलोर में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं, उन्होने कोविड पेशेन्ट्स के लिये प्लाज्मा डोनेट करने के लिये एक वेबसाईट का भी निर्माण किया है। जिसे शीघ्र ही टीम द्वारा प्रारंभ किया जायेगा। इसके लिये कटनी और जबलपुर जिले में कोविड से ठीक हुये लोगों की सूची भी संकलित करने का काम कोविड फाईटर्स की टीम कर रही है।

आगामी चरण में कटनी जिले में कोविड वेक्सीनेशन के लिये विशेष अभियान चलाने का निर्णय भी कोविड फाईटर्स ने लिया है।