विलायत कला के पास ऑटो और कार की भीषण टक्कर, कई घायल
बड़वारा। बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत विलायत कला के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार और ऑटो की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में कई लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई, लेकिन घायलों की हालत देखकर हर कोई चिंतित नजर आया।
इसी बीच क्षेत्रीय विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह वहां से गुजर रहे थे। हादसे की जानकारी मिलते ही उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवाई और बिना किसी औपचारिकता के सीधे घायलों के बीच पहुंच गए। सड़क पर दर्द से कराह रहे लोगों को देखकर विधायक भावुक हो उठे और तत्काल सहायता के निर्देश दिए।
समय की नाजुकता को समझते हुए विधायक ने एम्बुलेंस का इंतजार करने के बजाय अपने निजी वाहन से ही घायलों को अस्पताल भिजवाने का निर्णय लिया। उन्होंने स्वयं व्यवस्था संभाली और यह सुनिश्चित किया कि किसी भी घायल को उपचार मिलने में देरी न हो। उनकी तत्परता के चलते घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन विधायक की मौजूदगी और सक्रियता ने राहत कार्य को गति दी। स्थानीय लोगों ने कहा कि संकट की इस घड़ी में जिस संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण का परिचय विधायक ने दिया, वह एक जनप्रतिनिधि के कर्तव्य से कहीं बढ़कर था।
ग्रामीणों ने विधायक की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में जब लोग हादसों को देखकर आगे बढ़ जाते हैं, तब किसी जनप्रतिनिधि का रुककर घायलों की मदद करना और उन्हें अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाना मानवता की सच्ची सेवा है।
वहीं क्षेत्र में विधायक की इस मानवीय पहल की चर्चा क्षेत्र में होती रही। लोगों का कहना था कि सड़क पर घायल पड़े लोगों के लिए उस समय विधायक किसी जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि एक मददगार इंसान बनकर सामने आए।
दुर्घटना की भयावह तस्वीरों के बीच मानवता का यह दृश्य लोगों के दिलों को छू गया। संकट की घड़ी में बढ़ाया गया मदद का एक हाथ कई जिंदगियों के लिए उम्मीद बन गया।






















