कटनी। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के आज रविवार को होने वाले प्रथम कटनी दौरे को लेकर जिले का राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। उनके आगमन को भाजपा युवा मोर्चा द्वारा शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। सुबह से ही शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों को बैनर-पोस्टरों से पाट दिया गया है, वहीं शहरी क्षेत्रों में जगह-जगह भव्य स्वागत मंच सजाए जा रहे हैं।
युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष पारस जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि दोपहर 1 बजे प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के आगमन पर जोरदार और ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा। यह कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी एवं युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मुदुल मिश्रा के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें जिलेभर से भारी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।
प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर अपने कटनी प्रवास के दौरान स्थानीय विवेकानंद ऑडिटोरियम में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करेंगे। वे केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की निर्णायक भूमिका पर खुलकर अपनी बात रखेंगे तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को मजबूती से सामने रखेंगे।
इसके बाद श्याम टेलर शहर में आयोजित विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। शाम को वे भरेली उमरिया में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर जिले से प्रस्थान करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष के पहले कटनी आगमन को लेकर युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और इसे संगठन की ताकत, अनुशासन और सक्रियता के बड़े राजनीतिक प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें