कटनी।बरही थाना क्षेत्र के ग्राम बहिरघटा में बुधवार शाम एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। उमरार नदी के किनारे खेल रही 5 वर्षीय मासूम बच्ची पर अचानक रेत का विशाल टीला धसक गया। देखते ही देखते बच्ची रेत में दफन हो गई और दम घुटने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृत बच्ची की पहचान निशा केवट (5), पिता मिथुन केवट, निवासी ग्राम बहिरघटा के रूप में हुई है। बुधवार शाम करीब 7 बजे निशा अपने साथियों के साथ नदी किनारे खेल रही थी। इसी दौरान नदी तट पर जमा रेत का बड़ा और अस्थिर टीला अचानक भरभराकर ढह गया, जिसकी चपेट में आकर निशा पूरी तरह रेत के नीचे दब गई।
हादसा इतना अचानक था कि साथ खेल रहे बच्चे कुछ समझ पाते, उससे पहले ही मासूम रेत के नीचे समा चुकी थी। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने जान की बाज़ी लगाकर रेत हटाई और बच्ची को बाहर निकाला। आनन-फानन में उसे बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। मां-बाप की चीखें सुन हर आंख नम हो गई। वहीं, इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
यह हादसा नदी किनारे फैले असुरक्षित रेत के ढेरों और लापरवाह व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है, जो कभी भी किसी और मासूम की जिंदगी छीन सकते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें