गुरुवार, 29 जनवरी 2026

महिला को जिंदा जलाने की साजिश नाकाम, पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले तीन आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

कटनी। महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की सनसनीखेज घटना में बड़वारा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन फरार आरोपियों को मात्र 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते पीड़िता को जिंदा जलाने का प्रयास किया था।

पीड़िता 50 वर्षीय संतरा बाई पति दुर्जन कोल, निवासी ग्राम छःघरा मझगंवा, ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 28 जनवरी 2026 की रात करीब 1 बजे गांव के राज रैकवार एवं मोनू रैकवार उसके दामाद देवीदीन को घर के बाहर गाली-गलौज कर रहे थे। विरोध करने पर दोनों आरोपी उग्र हो गए। इसी दौरान भोला कोल भी मौके पर पहुंच गया। तीनों ने मिलकर पीड़िता को जान से मारने की नीयत से उसके मुंह में पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया, जिससे उसके चेहरे पर गंभीर जलन आई।


घटना के समय शोर सुनकर परिजन बाहर आए, तब आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल कटनी में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पीड़िता की शिकायत पर थाना बड़वारा में धारा 296(बी), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सघन तलाश कर 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि पीड़िता के दामाद से पुरानी रंजिश के चलते उन्होंने इस जानलेवा हमले को अंजाम दिया।

इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि. के.के. पटेल, सउनि रामनाथ साकेत, सउनि सतेंद्र सिंह, आरक्षक दीपक सिंह, आरक्षक बृजलाल प्रजापति एवं आरक्षक चालक शिवप्रकाश तिवारी की सराहनीय भूमिका रही।

कोई टिप्पणी नहीं:

Featured Post

एनकेजे पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 किलो 811 ग्राम गांजा के साथ आदतन तस्कर गिरफ्तार

बजरंग कॉलोनी नदी पुल के पास दबिश, 55 हजार रुपये का मादक पदार्थ जब्त — आरोपी पर पहले से 10 अपराध दर्ज कटनी। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ...