कटनी। बड़वारा थाना क्षेत्र के मझगवां छघरा गांव में मंगलवार देर रात इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। जमीन विवाद और आपसी झगड़े के बीच-बचाव में पहुंची करीब 50 वर्षीय महिला को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया। महिला गंभीर रूप से झुलस गई है और जिला अस्पताल कटनी में जिंदगी से जंग लड़ रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संतरा बाई पति दुर्जन कोल (55) मंगलवार रात करीब 1 बजे अपने घर पर थीं। तभी मोहल्ले का भोला कोल अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और पुराने जमीन विवाद को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ते ही आरोपी ने दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं।
आरोपी भोला कोल ने बोतल से पेट्रोल मुंह में भरा और सीधे महिला के चेहरे पर छिड़क दिया, इसके बाद माचिस जलाकर उसे आग के हवाले कर दिया। अचानक लगी आग से महिला चीखती-चिल्लाती रही। आग की लपटें और चीख-पुकार सुनकर घर के अंदर सो रही बहू बाहर दौड़ी, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था।
परिजनों ने किसी तरह आग बुझाई और गंभीर हालत में संतरा बाई को जिला अस्पताल कटनी पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
दामाद से झगड़ा बना हमले की वजह
पुलिस के अनुसार आरोपी भोला कोल, मोनू रैकवार और राज रैकवार एक ही कंपनी में पीड़िता के दामाद देवीदीन के साथ काम करते हैं। एक दिन पहले काम के दौरान दामाद से इनका विवाद हुआ था। उसी रंजिश में आरोपी रात को घर पहुंचे और झगड़ा करने लगे। शोर सुनकर संतरा बाई बीच-बचाव करने पहुंची, तभी उसे निशाना बना लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची। पीड़िता के बयान दर्ज किए गए, वहीं तहसीलदार रामहर्ष टेके ने भी महिला के कथन लिए हैं।
मुख्य आरोपी फरार, हत्या के प्रयास का केस
थाना प्रभारी केके पटेल ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। पीड़िता की बहू ने आरोप लगाया है कि यह हमला साजिश के तहत हत्या के इरादे से किया गया।
घटना का मुख्य आरोपी भोला कोल (30) फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। वहीं मोनू रैकवार (25) और राज रैकवार (28) से पूछताछ जारी है। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एक महिला को जिंदा जलाने की यह घटना क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का कारण बन गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें