कटनी।बाकल शिक्षा केंद्र अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला अमाड़ी में गणतंत्र दिवस जैसे पावन राष्ट्रीय पर्व पर ऐसा कृत्य सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को शर्मसार कर दिया है। विद्यालय परिसर में क्षतिग्रस्त, फटा-पुराना तिरंगा फहराए जाने से ग्रामीणों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय के शाला प्रभारी राकेश श्रीवास्तव द्वारा घोर लापरवाही बरतते हुए राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किया गया। बताया जा रहा है कि ध्वजारोहण के दौरान तिरंगा स्पष्ट रूप से फटा और जर्जर अवस्था में था, इसके बावजूद उसे फहराया गया।
राष्ट्रीय ध्वज केवल कपड़े का टुकड़ा नहीं, बल्कि देश की अस्मिता, स्वाभिमान और बलिदान का प्रतीक है। ऐसे में गणतंत्र दिवस जैसे ऐतिहासिक अवसर पर उसकी इस प्रकार अवहेलना को ग्रामीणों ने अमानवीय, असंवेदनशील और राष्ट्र की भावना को ठेस पहुँचाने वाला कृत्य बताया है।
घटना की जानकारी मिलते ही अभिभावकों ने कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि जब बच्चों को देशभक्ति और राष्ट्र सम्मान का पाठ पढ़ाने वाले ही तिरंगे का अपमान करेंगे, तो आने वाली पीढ़ी को क्या संदेश जाएगा। ग्रामीणों ने मामले में शिक्षा विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
सूत्रों की मानें तो यह मामला राष्ट्रीय ध्वज संहिता का सीधा उल्लंघन है, जिस पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस गंभीर लापरवाही पर क्या रुख अपनाता है या फिर मामला फाइलों में ही दबकर रह जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें