कटनी।हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शिव शक्ति राम मंदिर, एसकेपी में आस्था और भक्ति का भव्य संगम देखने को मिला। भगवान राम दरबार की ग्यारहवीं वर्षगांठ, शनि देव की द्वितीय वर्षगांठ एवं भगवान परशुराम की प्रथम वर्षगांठ के पावन अवसर पर दो दिवसीय धार्मिक आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।
आयोजन के अंतर्गत 25 जनवरी 2026 को मंदिर परिसर में अखंड रामचरितमानस पाठ का शुभारंभ किया गया। वहीं 26 जनवरी 2026 को समापन अवसर पर विधिवत हवन-पूजन संपन्न हुआ। इसके पश्चात विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं शिव शक्ति राम मंदिर रामायण मंडल के संयुक्त तत्वावधान में विशाल शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर रोशन नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः मंदिर में आकर सम्पन्न हुई। यात्रा के दौरान जय श्रीराम के गगनभेदी उद्घोष से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, भगवा ध्वजों की शान और आकर्षक झांकियों के बीच श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति, रामायण मंडल के सदस्यों तथा नगरवासियों का सराहनीय योगदान रहा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें