शनिवार, 28 फ़रवरी 2026

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर दो दिवसीय विज्ञान समारोह का आयोजन, प्रश्नमंच प्रतियोगिता व औद्योगिक भ्रमण में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह

सागर। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस, शासकीय महाविद्यालय मकरोनिया में भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में भौतिक शास्त्र विभाग द्वारा 27–28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के प्रथम दिवस का शुभारंभ संस्था के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. डी.एन. नामदेव ने किया। मुख्य वक्ता भौतिक शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. नीलेश राय ने भारतीय ज्ञान परंपरा में प्राचीन भौतिक विज्ञान के सिद्धांतों एवं आचार्यों के योगदान से विद्यार्थियों को अवगत कराया। रसायन शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. तकल्लुम खान ने प्राचीन भारतीय रसायन ज्ञान की उपलब्धियों पर विस्तृत जानकारी दी।

प्राणिशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. दीप्ति तोमर ने महान वैज्ञानिक सर सी.वी. रमन के जीवन एवं उनके वैज्ञानिक योगदान पर प्रकाश डाला। विज्ञान संकाय अधिष्ठाता डॉ. अजय सिंह ठाकुर ने प्राचीन भारतीय वैज्ञानिकों की प्रमुख खोजों से विद्यार्थियों को परिचित कराया। वहीं गणित विभागाध्यक्ष डॉ. शुभम नामदेव ने प्राचीन भारतीय गणितज्ञों के सिद्धांतों पर रोचक चर्चा की।

भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. कमलेश दुबे द्वारा भारतीय ज्ञान परंपरा एवं विज्ञान विषय पर प्रश्नमंच प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में नीतिक चौबे ने प्रथम, शिवांगी दांगी ने द्वितीय तथा मोहन अहिरवार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया तथा डॉ. सत्या सोनी ने आभार प्रदर्शन किया।

द्वितीय दिवस पर विद्यार्थियों को औद्योगिक भ्रमण कराया गया। संस्था के प्राचार्य ने हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों को रवाना किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. ए.सी. जैन ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

कोई टिप्पणी नहीं: