कटनी। जिले में पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के उद्देश्य से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संतोष डेहरिया ने बुधवार को थाना बहोरीबंद और थाना स्लीमनाबाद का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान कई बिंदुओं पर सख्त निर्देश दिए गए और कमियों को तत्काल दुरुस्त करने के आदेश जारी किए गए।
बहोरीबंद थाने में रजिस्टरों की चेकिंग कम, सुधार के निर्देश
थाना बहोरीबंद में पुरुष एवं महिला बंदीगृह की व्यवस्था देखी गई। साफ-सफाई को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
गुण्डा रजिस्टर, निगरानी रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की जांच के दौरान चेकिंग अपेक्षाकृत कम पाई गई, जिस पर तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए गए।
अ, ब एवं स वर्ग की ग्राम अपराध पुस्तिकाओं में वर्ष 2026 की प्रविष्टियों में टीप अंकित पाई गई। एफआईआर एवं शून्य एफआईआर रजिस्टर अद्यतन मिले। आगंतुक रजिस्टर में वर्ष 2026 में 130 प्रविष्टियां दर्ज होना पाया गया।
थाना भवन, पुलिस आवास एवं शासकीय मद से प्राप्त राशि के पारदर्शी उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। सीसीटीवी कैमरे चालू अवस्था में मिले, जबकि ई-समंस व वारंटों की तामीली संतोषजनक पाई गई।
स्लीमनाबाद में लंबित मामलों पर फोकस
थाना स्लीमनाबाद में परिसर, मालखाना, अभिलेख संधारण, सीसीटीएनएस कार्य और बंदीगृह व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने और रात्रि गश्त प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। फरियादियों से शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रमुख निर्देश
▪️ सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच कर फुटेज सुरक्षित रखी जाए।
▪️ ई-समंस, वारंट एवं लंबित मामलों की प्रभावी मॉनिटरिंग हो।
▪️ गुण्डा, निगरानी बदमाश व हिस्ट्रीशीटरों का नियमित सत्यापन अनिवार्य हो।
▪️ अभिलेख संधारण, स्वच्छता व प्रशासनिक व्यवस्था और सुदृढ़ की जाए।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी बहोरीबंद अखिलेश दहिया, थाना प्रभारी स्लीमनाबाद सुदेश समन सहित स्टाफ मौजूद रहा।
औचक निरीक्षण से साफ है कि पुलिस प्रशासन अब ढिलाई बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है और जमीनी स्तर पर जवाबदेही तय करने की दिशा में सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें