मंगलवार, 10 मार्च 2026

एनकेजे पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 किलो 811 ग्राम गांजा के साथ आदतन तस्कर गिरफ्तार

बजरंग कॉलोनी नदी पुल के पास दबिश, 55 हजार रुपये का मादक पदार्थ जब्त — आरोपी पर पहले से 10 अपराध दर्ज

कटनी। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एनकेजे पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बजरंग कॉलोनी नदी पुल के पास दबिश देकर एक आदतन आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3 किलो 811 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 55 हजार रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया तथा उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 9 मार्च की रात थाना एनकेजे पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान बजरंग कॉलोनी नदी पुल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति बैंगनी रंग का पिट्ठू बैग लेकर जाता दिखाई दिया।

पुलिस ने घेराबंदी कर उससे पूछताछ की, जिसने अपना नाम हरिओम राजपूत (45) निवासी दुर्गा चौक खिरहनी, थाना एनकेजे बताया। तलाशी लेने पर उसके बैग से चार पैकेट में रखा 3 किलो 811 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह गांजा कहां से लाया था और किसे सप्लाई करने वाला था।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत, एसआई मनोज कोडापे, एसआई सहपाल परतेती, एसआई केवल उइके, प्रधान आरक्षक प्रहलाद सैयाम, प्रधान आरक्षक शैलेष दमोहिया, आरक्षक अर्पित पटेल और एनआरएस सोनू कहार की सराहनीय भूमिका रही।

कोई टिप्पणी नहीं: