शुक्रवार, 30 जनवरी 2026

कटनी में राष्ट्रीय ध्वज अपमान पर कड़ी कार्रवाई , गणतंत्र दिवस पर कटा-फटा तिरंगा फहराने वाला शिक्षक निलंबित

कटनी। राष्ट्रीय ध्वज के अपमान के गंभीर मामले में जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरी ने कड़ा कदम उठाते हुए विकासखंड बहोरीबंद के शासकीय प्राथमिक शाला अमाड़ी में पदस्थ सहायक शिक्षक राकेश श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई विकासखंड शिक्षा अधिकारी बहोरीबंद द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के आधार पर की गई।

जांच में सामने आया कि 26 जनवरी 2026, गणतंत्र दिवस के अवसर पर शाला प्रभारी सहायक शिक्षक श्रीवास्तव द्वारा विद्यालय परिसर में कटा-फटा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, जो कि भारतीय ध्वज संहिता, 2002 का स्पष्ट उल्लंघन है। जिला शिक्षा अधिकारी ने इस कृत्य को घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता मानते हुए इसे मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के तहत कदाचरण की श्रेणी में रखा है।

उक्त तथ्यों के आधार पर श्रीवास्तव को म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के उपनियम 09 के अंतर्गत निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बहोरीबंद निर्धारित किया गया है। इस अवधि में वे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त करने के पात्र होंगे।

प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि राष्ट्रीय प्रतीकों के अपमान पर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

Featured Post

एनकेजे पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 किलो 811 ग्राम गांजा के साथ आदतन तस्कर गिरफ्तार

बजरंग कॉलोनी नदी पुल के पास दबिश, 55 हजार रुपये का मादक पदार्थ जब्त — आरोपी पर पहले से 10 अपराध दर्ज कटनी। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ...