शुक्रवार, 2 जुलाई 2021

40 दिनों में 31 हजार 904 बेटियों के सुकन्या समृद्धि खाता खोलकर कटनी बना शीर्ष जिला , डाक विभाग ने जारी किया कलेक्टर और जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास सिंह का फोटोयुक्त डाक टिकिट जारी

कटनी -:जिले के लिये अच्छी खबर है। कटनी जिला प्रशासन के बेहतर प्रयासों से जिले ने सुकन्या समृद्धि योजना के क्रियान्वयन में सफलता अर्जित की है। कटनी जिला सबसे अधिक सुकन्या खाते खोलकर वित्तीय वर्ष 2020-21 में प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ रहा है। इस उपलब्धि के लिये भारतीय डाक विभाग द्वारा कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग नयन सिंह का फोटोयुक्त डाक टिकिट भी जारी किया गया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में पोस्ट मास्टर कटनी नारायण सिंह और सहायक अधीक्षक आर.आर. पटेल ने यह डाक टिकिट कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को सौंपा है। साथ ही उत्कृष्ट कार्य के लिये शुभकामनायें भी प्रेषित की हैं।

इसके पूर्व भी मई माह में जबलपुर संभाग के प्रवर अधीक्षक डाकघर पी.एन. पाण्डेय ने इस उपलब्धि के लिये कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को डीईओ लैटर लिखा था। साथ ही पूरी टीम को इस कार्य के लिये शुभकामनायें भी प्रेषित की गई थी।

उल्लेखनीय है कि जिले में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशों पर 22 फरवरी से 31 मार्च 2021 तक महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों एवं मैदानी कार्यकर्ताओं द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। जिसके तहत जिले की पात्र बेटियों के नाम डाकघरों में भारतीय डाक विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टाफ के समन्वय से सुकन्या समृद्धि खाता खोलने की कार्यवाही की गई।

            22 फरवरी से 31 मार्च 2021 तक चलाये गये व्यापक अभियान के सार्थक परिणाम सामने आये और जिले में 31 हजार 904 पात्र बेटियों के नाम से सुकन्या समृद्धि योजना के खाते खुलवाये गये। कटनी जिले में खुले खातों की संख्या प्रदेश में नंबर एक पर रही है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग नयन सिंह ने बताया कि सुकन्या समृद्धि योजना के तहत अकाउन्ट खोलने के लिये जिले में कार्ययोजना बनाकर कार्य किया गया था। जिसके तहत 40 दिनों में ही 31 हजार 904 बालिकाओं के खाते खोले गये। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के उद्देश्य के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग का अमला इस काम में मुस्तैदी से जुटा। प्रत्येक बालिका का खाता 250 रुपये से खोला गया। इसमें खास बात यह भी रही कि 1856 एैसी बालिकाओं जिनके अभिभावक के पास पैसे नहीं थे, उनकी राशि विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों ने स्वेच्छा से अपनी ओर से जमा कराई थी।

नेमावर की घटना अत्यंत जघन्य, इस तरह की घटनाओं के अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा : कलेक्टर, दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए त्वरित न्यायालय में होगी सुनवाई :पुलिस अधीक्षक

देवास-: जिले में जिला प्रशासन ने नेमावर हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुरेंद्र सिंह चौहान के 4 हजार 500 स्क्वेयर फीट में बने मकान और दुकान को किया ध्वस्त

आरोपी विवेक तिवारी का 02 हजार स्क्वेयर फ़ीट में बना मकान भी तोड़ा

देवास जिले में आज जिला प्रशासन ने नेमावर हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुरेंद्र सिंह चौहान पिता लक्ष्मण सिंह चौहान वार्ड नंबर 10 रेत नाका नेमावर की 4 हजार 500 स्क्वेयर फीट में तीन दुकान और दुकान के पीछे मकान को तोड़ने की कार्यवाही की। प्रशासन ने एक और आरोपी विवेक तिवारी पिता कमल किशोर लक्ष्मीनारायण तिवारी का वार्ड नम्बर 14 में 2 हजार स्क्वेयर फ़ीट में बने मकान तोड़ने की कार्यवाही की। 

इस दौरान कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला, पुलिस अधीक्षक डॉ शिवदयाल सिंह, एसडीएम खातेगांव त्रिलोचन गौड़, एएसपी सूर्यकांत शर्मा, डीएसपी किरण शर्मा, नगर परिषद सीएमओ अशोककुमार भमोलिया, बड़ी संख्या में जिला प्रशासन, पुलिस और नगर परिषद के कर्मचारीगण उपस्थित थे।

कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला ने कहा कि नेमावर की घटना अत्यंत जघन्य थी। इस तरह की घटनाओं के अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों को चिन्हित करके उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है। अपराधियों की अवैध संपत्ति और अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्यवाही की जा रही है। आज  मुख्य आरोपी सुरेंद्रसिंह चौहान के लगभग 4 हजार 500 स्क्वेयर फ़ीट में बने अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्यवाही की गयी है। इससे स्पष्ट मैसेज जाता है कि कोई भी इस तरह का अपराध करता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया है।  सभी आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है। न्यायिक कार्यवाही और अवैध संपत्ति तोड़ने कार्यवाही आगे भी इस तरह जारी रहेगी। कलेक्टर श्री शुक्ला ने बताया कि पीड़ित परिवारों को शासन के निर्देशानुसार 41 लाख 25 हजार रुपए की राशि स्वीकृति की गई है। जिसके आदेश जारी कर दिए गए हैं। यह राशि पीड़ित परिवार वालों के खातों में डाली जाएगी।

पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह ने कहा कि हम सभी साक्ष्य इक्कठा कर रहे हैं। अपराध को हमने चिन्हित अपराधों की श्रेणी में रखा गया है। हमारी कोशिश है आरोपियों को जल्दी से जल्दी सजा दिलवाई जाए। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले इसलिये त्वरित न्यायालय में सुनवाई करके आरोपियों को सजा दिलाई जाएगी। सभी आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड देखे जा रहे है। सभी आरोपियों की संपत्ति की जानकारी ले जा रही है। यदि कोई अवैध निर्माण पाया जाता है तो अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्यवाही की जाएगी। आरोपियों के अन्य स्रोतों की जानकारी ली जा रही है। आरोपियों पर अन्य जिलों में कोई आपराधिक रेकॉर्ड भी देखा जा रहा है। आपराधिक रिकॉर्ड पाए जाने पर उन पर भी कार्यवाही की जाएगी।


भीड़तंत्र का शिकार हुआ चोर, सोशल मीडिया में वीडियो वायरल

कटनी - जिले में कानून व्यवस्था कितना लाचार हो चुकी है इस बात का अंदाजा इससे ही लगाई जा सकती हैं कि यहां इंसाफ पुलिस या न्यायालय नही बल्कि खुद शिकायतकर्ता ही करते है। और पुलिस को मामले की भनक तक नही लगती। दरअसल कोतवाली थाना क्षेत्र के झंडा बाजार स्थित एक तेल व्यापारी की दुकान से तेल का जार चोरी करता हुआ एक युवक पकड़ा गया फिर क्या था व्यापारी वर्ग को भीड़तंत्र में बदलते तनिक भी देरी नही लगी और सभी लाठी डंडे लिए खुद ही इंसाफ करते हुए चोर को एक के बाद एक डंडे मारने लगे। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो गया लेकिन कोतवाली टीआई को घटना24 घंटे के बाद भी घटना की जानकारी नही लग सकी। हां अपनी ही बडाई में टीआई विजय विश्वकर्मा ने ये जरूर कहा कि आरोपी चोर को गिरफ्तार कर उसे न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया गया। लेकिन कानून को हाथ मे लेंने वाले व्यापारियों पर क्या कार्यवाही होगी इसके बारे में कुछ नही कहा।जाहिर है पुलिस का ये रवैया नियमो को तोड़ने वाले लोगो के लिए एक बढ़ावे के तौर पर काम आएगा। आप भी देखे ये चंद सेंकेंड का वीडियो ओर समझे कटनी जिले की कानून व्यवस्था को।