बुधवार, 14 जुलाई 2021

आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विरूद्ध बड़ी कार्यवाही,डेढ़ लाख से अधिक कीमत लाहन गई नष्ट किया

कटनी:-कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशानुसार आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध मदिरा के विरूद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार कोे अवैध मदिरा के संग्रहण परिवहन विक्रय निर्माण रोकथाम हेतु चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी वृत्त कटनी क्रमांक 2 द्वारा  ग्राम निमियाहार आधार काप तथा मच्छरीया डेरा में आबकारी उडनदस्ता बी टीम सहायक जिला आबकारी अधिकारी ममता अहिरवार के नेतृत्व में कुल जप्ती 3210 किलोग्राम महुआ लाहन (लगभग 802 लीटर अवैध हाथ भट्टी मदिरा) तथा 8 लीटर अबैध हाथ भट्टी मदिरा के कुल 5  न्यायालयीन प्रकरण मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (1) क एवं च के पंजीबद्ध किये गये। मौके पर महुआ लाहन का सैंपल लिया जाकर नष्ट किया गया। जप्त किये गये लहान तथा मदिरा की अनुमानित राशि लगभग एक लाख 61 हजार सात सौ रूपये है।

गुरुवार, 8 जुलाई 2021

तीन वर्षों में जिले में जन्म के समय बेटियों के लिंगानुपात में 13 अंकों की वृद्धि, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की दिशा में जिले में किये जा रहे सार्थक प्रयास

कटनी-:भारत की शान हैं बेटियां - हम सबका अभिमान हैं बेटियां। कहते हैं बेटे, भाग्य से होते हैं, लेकिन बेटियां सौभाग्य से। समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को प्रोत्साहन देने एवं लिंगानुपात में सुधार के लिये भारत सरकार द्वारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ओ’ योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। मध्यप्रदेश सरकार के द्वारा सतत् रुप से बेटियों को लेकर विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनायें बनाई गई हैं, जिसका क्रियान्वयन प्रभावी रुप से कराया जा रहा है। इन्ही अभियानों के सार्थक परिणाम जिले में सामने आये हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग नयन सिंह ने बताया कि जिले में 3 वर्षों में लिंगानुपात 13 अंक बढ़ा है।

            सामूहिक रुप से सहभागिता करते हुये जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विगत वर्षों में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का सफल क्रियान्वयन किया गया। जिसके ही परिणाम स्वरुप विगत तीन वर्षों में जिले में जन्म के समय लिंगानुपात में 13 अंकों की वृद्धि दर्ज हुई है। डीपीओ श्री सिंह ने बताया कि वर्ष 2018-19 में जन्म के समय बेटियों का लिंगानुपात 924 था। 2019-20 में यह बढ़कर 931 हुआ और वर्ष 2020-21 में यह बढ़कर 937 हो गया है।

            इस विषय में मानसिकता में बद्लाव एवं सामाजिक चेतना के लिये विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन विभाग द्वारा किया गया। इनमें बेटियों के जन्म पर स्वागत, बेटियों के अभिभावकों का सम्मान, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन, बेटियों को विकास के समान अवसर उपलब्ध कराने के निरंतर कार्यक्रमों के साथ ही कार्यशालाओं एवं प्रशिक्षणों का आयोजन भी प्रभावी रुप से किया गया।

            वर्ष 2019-20 में विभाग द्वारा बेटियों के जन्म पर उनका एवं उनके अभिभावकों का सम्मान करने की विशेष पहल (स्वागत नंदिनी) को भारत सरकार द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के अंतर्गत देश के 25 सर्वश्रेष्ट नवाचारों में सम्मिलित किया गया।

            पिछले वर्ष 2020-21 में महिला सम्मान अभियान के तहत विभाग द्वारा जिले में 18 हजार 832 बालिकाओं का कन्या पूजन, 21 हजार 326 गर्भवती एवं धात्री माताओं का सम्मान, 69 हजार 44 लाडली लक्ष्मी हितग्राही बालिकाओं एवं 28 हजार 137 प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की हितग्राही माताओं का सम्मान आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से किया गया।

            इतना ही नहीं जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में अभिनव पहल करते हुये जिले की वीर बेटी अर्चना केवट को 8 मार्च 2021 को अंर्तराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक दिन का सांकेतिक रुप से कलेक्टर बनाया गया था। काबिलेगौर है कि सुश्री केवट द्वारा सम्मान अभियान से प्रेरित होकर दो बालिकाओं को छेड़छाड़ से बचाया गया था। उनके इस साहस को सम्मान देने के नवाचार की सारे देश में सराहना भी हुई थी।

            महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के ध्येय वाक्य को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के प्रयासों से जिले में बेटियों के प्रति सकारात्मक भाव को बढ़ावा मिल रहा है एवं जन्म के समय लिंगानुपात में सुधार भी सामने आ रहा है।

जिला अस्पताल में शीध्र प्रारंभ होगा एक हजार एलपीएम क्षमता का ऑक्सीजन प्लान्ट,कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्थापित किये जा रहे प्लान्ट का किया निरीक्षण

कटनी -: शासन-प्रशासन द्वारा कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने की तैयारियां मुस्तैदी से की जा रही हैं। जिले में चिकित्सा सुविधा और बेहतर करने के लिये सतत् रुप से साधन-संसाधन बढ़ाये जा रहे हैं। इसी कड़ी में एक अच्छी खबर सामने आई है। जिला अस्पताल में पीएम केयर फण्ड से प्राप्त एक हजार एलपीएम की क्षमता का मेडिकल ऑक्सीजन प्लान्ट पहुंच चुका है। इसे स्थापित करने की प्रक्रिया तेजी से जारी है। गुरुवार को जिला अस्पताल पहुंचकर कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने मेडिकल ऑक्सीजन प्लान्ट के इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया का जायजा लिया। साथ ही तेजी से कार्य को पूरा करने के निर्देश भी उन्होने दिये।

            अपने विजिट के दौरान कलेक्टर मिश्रा ने डीआरडीओ द्वारा डिजाईन और विकसित किये गये मेडिकल ऑक्सीजन प्लान्ट का विजिट किया। जहां पर उन्होने प्लान्ट की स्थापना को लेकर की जा रही गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही प्लान्ट की कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर मिश्रा ने सिविल सर्जन को ऑक्सीजन प्लान्ट के पॉवर बैकअप के लिये जनरेटर की व्यवस्था जल्द ही कराने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि इसके माध्यम से जिला अस्पताल में आवश्यकता अनुसार ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। इसके लिये ऑक्सीजन सप्लाई लाईन स्थापित करने का शेष कार्य भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश सिविल सर्जन को कलेक्टर ने दिये।

            निरीक्षण के दौरान कलेक्टर मिश्रा ने प्लान्ट इंस्टॉलेशन का कार्य कर रहे एलएनटी के अधिकारियों को मेडिकल ऑक्सीजन प्लान्ट की सुरक्षा की दृष्टि सेफ्टी मेन्युअल तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। मिश्रा ने कहा कि ऑक्सीजन प्लान्ट स्थापित करने के लिये गठित की गई कमेटी, जिला अस्पताल में स्थापित किये जाने पर एक हजार एलपीएम और 600 एलपीएम के प्लान्ट में विद्युत सप्लाई के लिये क्या व्यवस्थायें कॉमन होंगी, इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिये निर्देशित किया।

            ऑक्सीजन प्लान्ट के साथ ही कलेक्टर ने जिला अस्पताल में निर्माणाधीन मेटरनिटी सेन्टर के कार्य का भी जायजा लिया। उन्होने कहा कि इस कार्य की गति भी ठीक है। यदि संभावित तीसरी लहर आती है, तो इसका उपयोग भी हम कर पायेंगे। यह ऑक्सीजन प्लान्ट के बगल में भी है। इसका लाभ भी हमें मिलेगा।

            विजिट के दौरान सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा, पीआईयू के अधिकारी तथा प्लान्ट इंस्टॉलेशन कंपनी एलएनटी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

बुधवार, 7 जुलाई 2021

मेरा शहर और जिला अपराधमुक्त बनें - कलेक्टर , अपराध से दूर रहे अपराधी, नहीं तो नेस्तनाबूत किये जाएंगे -पुलिस अधीक्षक

छतरपुर -:प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर कड़ी कार्यवाही किये जाने के निर्देश पर छतरपुर कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक  सचिन शर्मा के निर्देशन में शहर एवं जिले में चुस्त-दुरुस्त कानून व्यवस्था बनाये रखने और अपराधियों पर नकेल लगाने के मद्देनजर बुधवार को छतरपुर शहर में द्वार-द्वार जाकर अपराधी प्रवृत्ति के लोगों को अपराध से दूर रहने की चेतावनी दी गई और उनके घरों की सीमांकन की कार्यवाही भी की गई, इस प्रक्रिया की ड्रोन से फोटोग्राफी भी की गई। मेरा शहर और जिला अपराध मुक्त बनें। मेरे शहर में अमन शांति और भाई चारा रहे। अपराध से दूर रहे अपराधी नही तो नेस्तनाबूत किये जाएंगे। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा इस विशेष अभियान का हिस्सा बने उन्होंने भी शहर के मोहल्ले में पहुंचकर पुलिस अधिकारियों द्वारा की जा रही कार्यवाही की जानकारी ली।

पुलिस महकमे ने विभिन्न धाराओं मे पंजीबद्ध 50 से 60 अपराधियों को चिन्हित किया है। छतरपुर जिले में बुधवार को कलेक्टर, एसपी के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध शुरु की गई विशेष मुहीम के तहत उन्हें चेतावनी दी गई कि अपराध से दूर रहें और कानून का पालन करते हुए सहयोग करें। शहर के विभिन्न धाराओं में पंजीबद्ध अपराधी पर नकेल कसने के लिए कानून ने शिकंजा कसा। अपराधियों के घरों की सीमांकन की कार्यवाही नगरपालिका अमले द्वारा की गई। सीमांकन की संपूर्ण कार्यवाही पुलिस के ड्रोन कैमरे में कैद हुई।

छतरपुर जिला एवं पुलिस प्रशासन ने अपराधियों को साफ-साफ चेतावनी दी है कि अपराधिक गतिविधियों से दूर रहे। नारी-शक्ति के साथ होने वाले अपराधों के साथ-साथ सामाजिक अपराधों पर भी नियंत्रण लगाएं जो कोई भी अपराध में लिप्त पाया जायेगा उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही के साथ-साथ उनके घरों को भी जड़ से उखाड़ कर फैंक दिया जायेगा।

अपराध पर अंकुश लगाने छतरपुर पुलिस की विशेष पहल शुरू की गई है। अपराधी प्रवृत्ति और विभिन्न धाराओं मे पंजीबद्ध लोगों को अपराध में संलिप्त नही रहने के लिए सचेत किया जा रहा है। किसी अवैधनिक घटना में संलिप्त पाए जाने से कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

लाउडस्पीकर से घोषणा करते हुए, अपराधी व्यक्ति को सचेत किया गया कि किसी भी प्रकार की अपराधिक गतिविधि में संलिप्त नही रहे। अपराध पर नियंत्रण रखे यदि किसी घटना में संलिप्त होना पाया जाता है तो कड़ी वैधानिक कार्यवाही शुरू कराई जाएगी।

छतरपुर की डीएसपी अनुरुक्ति सबनानी और  शशांक जैन सहित शहर कोतवाली तथा विभिन्न थाना क्षेत्रों के पुलिस अधिकारी और भारी पुलिस बल के साथ शहर के अपराधी के घरों तक पुलिस पहुंची। आम लोगों से भी पुलिस प्रशासन द्वारा अपील की गई की सामाजिक अपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति की जानकारी पुलिस कंट्रोल रुम को बताएं इनसे डरने की जरूरत नही है पुलिस आपके साथ है, ऐसे लोगों के खिलाफ दी गई सूचना को गुप्त रखा जायेगा।

शहर में अपराधियों एवं उनकी अपराधिक प्रवृत्तियों से जुड़े व्यक्यिों पर सख्ती से लगाम लगाई जाएगी और अपराध करने वाले लोगों पर कानूनी कार्यवाही की जाएगी। आम लोगों के विश्वास को पुलिस प्रशासन तत्परता से बनाएं रखेगा। शहर एवं जिले के व्यक्ति बिना किसी डर के रहें। पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए सदैव उनके साथ है।


शुक्रवार, 2 जुलाई 2021

40 दिनों में 31 हजार 904 बेटियों के सुकन्या समृद्धि खाता खोलकर कटनी बना शीर्ष जिला , डाक विभाग ने जारी किया कलेक्टर और जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास सिंह का फोटोयुक्त डाक टिकिट जारी

कटनी -:जिले के लिये अच्छी खबर है। कटनी जिला प्रशासन के बेहतर प्रयासों से जिले ने सुकन्या समृद्धि योजना के क्रियान्वयन में सफलता अर्जित की है। कटनी जिला सबसे अधिक सुकन्या खाते खोलकर वित्तीय वर्ष 2020-21 में प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ रहा है। इस उपलब्धि के लिये भारतीय डाक विभाग द्वारा कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग नयन सिंह का फोटोयुक्त डाक टिकिट भी जारी किया गया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में पोस्ट मास्टर कटनी नारायण सिंह और सहायक अधीक्षक आर.आर. पटेल ने यह डाक टिकिट कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को सौंपा है। साथ ही उत्कृष्ट कार्य के लिये शुभकामनायें भी प्रेषित की हैं।

इसके पूर्व भी मई माह में जबलपुर संभाग के प्रवर अधीक्षक डाकघर पी.एन. पाण्डेय ने इस उपलब्धि के लिये कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को डीईओ लैटर लिखा था। साथ ही पूरी टीम को इस कार्य के लिये शुभकामनायें भी प्रेषित की गई थी।

उल्लेखनीय है कि जिले में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशों पर 22 फरवरी से 31 मार्च 2021 तक महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों एवं मैदानी कार्यकर्ताओं द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। जिसके तहत जिले की पात्र बेटियों के नाम डाकघरों में भारतीय डाक विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टाफ के समन्वय से सुकन्या समृद्धि खाता खोलने की कार्यवाही की गई।

            22 फरवरी से 31 मार्च 2021 तक चलाये गये व्यापक अभियान के सार्थक परिणाम सामने आये और जिले में 31 हजार 904 पात्र बेटियों के नाम से सुकन्या समृद्धि योजना के खाते खुलवाये गये। कटनी जिले में खुले खातों की संख्या प्रदेश में नंबर एक पर रही है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग नयन सिंह ने बताया कि सुकन्या समृद्धि योजना के तहत अकाउन्ट खोलने के लिये जिले में कार्ययोजना बनाकर कार्य किया गया था। जिसके तहत 40 दिनों में ही 31 हजार 904 बालिकाओं के खाते खोले गये। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के उद्देश्य के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग का अमला इस काम में मुस्तैदी से जुटा। प्रत्येक बालिका का खाता 250 रुपये से खोला गया। इसमें खास बात यह भी रही कि 1856 एैसी बालिकाओं जिनके अभिभावक के पास पैसे नहीं थे, उनकी राशि विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों ने स्वेच्छा से अपनी ओर से जमा कराई थी।

नेमावर की घटना अत्यंत जघन्य, इस तरह की घटनाओं के अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा : कलेक्टर, दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए त्वरित न्यायालय में होगी सुनवाई :पुलिस अधीक्षक

देवास-: जिले में जिला प्रशासन ने नेमावर हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुरेंद्र सिंह चौहान के 4 हजार 500 स्क्वेयर फीट में बने मकान और दुकान को किया ध्वस्त

आरोपी विवेक तिवारी का 02 हजार स्क्वेयर फ़ीट में बना मकान भी तोड़ा

देवास जिले में आज जिला प्रशासन ने नेमावर हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुरेंद्र सिंह चौहान पिता लक्ष्मण सिंह चौहान वार्ड नंबर 10 रेत नाका नेमावर की 4 हजार 500 स्क्वेयर फीट में तीन दुकान और दुकान के पीछे मकान को तोड़ने की कार्यवाही की। प्रशासन ने एक और आरोपी विवेक तिवारी पिता कमल किशोर लक्ष्मीनारायण तिवारी का वार्ड नम्बर 14 में 2 हजार स्क्वेयर फ़ीट में बने मकान तोड़ने की कार्यवाही की। 

इस दौरान कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला, पुलिस अधीक्षक डॉ शिवदयाल सिंह, एसडीएम खातेगांव त्रिलोचन गौड़, एएसपी सूर्यकांत शर्मा, डीएसपी किरण शर्मा, नगर परिषद सीएमओ अशोककुमार भमोलिया, बड़ी संख्या में जिला प्रशासन, पुलिस और नगर परिषद के कर्मचारीगण उपस्थित थे।

कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला ने कहा कि नेमावर की घटना अत्यंत जघन्य थी। इस तरह की घटनाओं के अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों को चिन्हित करके उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है। अपराधियों की अवैध संपत्ति और अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्यवाही की जा रही है। आज  मुख्य आरोपी सुरेंद्रसिंह चौहान के लगभग 4 हजार 500 स्क्वेयर फ़ीट में बने अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्यवाही की गयी है। इससे स्पष्ट मैसेज जाता है कि कोई भी इस तरह का अपराध करता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया है।  सभी आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है। न्यायिक कार्यवाही और अवैध संपत्ति तोड़ने कार्यवाही आगे भी इस तरह जारी रहेगी। कलेक्टर श्री शुक्ला ने बताया कि पीड़ित परिवारों को शासन के निर्देशानुसार 41 लाख 25 हजार रुपए की राशि स्वीकृति की गई है। जिसके आदेश जारी कर दिए गए हैं। यह राशि पीड़ित परिवार वालों के खातों में डाली जाएगी।

पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह ने कहा कि हम सभी साक्ष्य इक्कठा कर रहे हैं। अपराध को हमने चिन्हित अपराधों की श्रेणी में रखा गया है। हमारी कोशिश है आरोपियों को जल्दी से जल्दी सजा दिलवाई जाए। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले इसलिये त्वरित न्यायालय में सुनवाई करके आरोपियों को सजा दिलाई जाएगी। सभी आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड देखे जा रहे है। सभी आरोपियों की संपत्ति की जानकारी ले जा रही है। यदि कोई अवैध निर्माण पाया जाता है तो अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्यवाही की जाएगी। आरोपियों के अन्य स्रोतों की जानकारी ली जा रही है। आरोपियों पर अन्य जिलों में कोई आपराधिक रेकॉर्ड भी देखा जा रहा है। आपराधिक रिकॉर्ड पाए जाने पर उन पर भी कार्यवाही की जाएगी।


भीड़तंत्र का शिकार हुआ चोर, सोशल मीडिया में वीडियो वायरल

कटनी - जिले में कानून व्यवस्था कितना लाचार हो चुकी है इस बात का अंदाजा इससे ही लगाई जा सकती हैं कि यहां इंसाफ पुलिस या न्यायालय नही बल्कि खुद शिकायतकर्ता ही करते है। और पुलिस को मामले की भनक तक नही लगती। दरअसल कोतवाली थाना क्षेत्र के झंडा बाजार स्थित एक तेल व्यापारी की दुकान से तेल का जार चोरी करता हुआ एक युवक पकड़ा गया फिर क्या था व्यापारी वर्ग को भीड़तंत्र में बदलते तनिक भी देरी नही लगी और सभी लाठी डंडे लिए खुद ही इंसाफ करते हुए चोर को एक के बाद एक डंडे मारने लगे। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो गया लेकिन कोतवाली टीआई को घटना24 घंटे के बाद भी घटना की जानकारी नही लग सकी। हां अपनी ही बडाई में टीआई विजय विश्वकर्मा ने ये जरूर कहा कि आरोपी चोर को गिरफ्तार कर उसे न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया गया। लेकिन कानून को हाथ मे लेंने वाले व्यापारियों पर क्या कार्यवाही होगी इसके बारे में कुछ नही कहा।जाहिर है पुलिस का ये रवैया नियमो को तोड़ने वाले लोगो के लिए एक बढ़ावे के तौर पर काम आएगा। आप भी देखे ये चंद सेंकेंड का वीडियो ओर समझे कटनी जिले की कानून व्यवस्था को।