सोमवार, 3 मई 2021

विद्युत उपभोक्ता स्वयं भेजें अपने मीटर की रीडिंग

कटनी -: मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के विद्युत उपभोक्ता अपने घरों में लगे विद्युत मीटर की रीडिंग स्वयं ले कर स्मार्ट बिजली एप पर अपलोड कर सकते हैं। कोविड-19 महामारी से बचाव के लिये इस कार्य में विद्युत उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की गई है।

            डीई मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी कटनी ने बताया कि विद्युत मीटिर की रीडिंग अपलोड करने के लिये स्मार्ट बिजली एप का उपयोग उपभोक्ता को करना होगा। जिसके बाद एप के मीटर रीडिंग विकल्प का चुनाव करके घर बैठक ही अपनी मीटर की रीडिंग का फोटो उपभोक्ता अपलोड कर सकते हैं। इसके लिये 5 मई तक फोटो अपलोड कर अप्रैल माह की वास्तविक रीडिंग का बिल भी प्राप्त किया जा जा सकता है। इस संबंध में किसी भी प्रकार सहायता या सहयोग के लिये टोलफ्री हेल्पलाईन नंबर 1912 डायल कर संपर्क किया जा सकता है।

5 मई से प्रारंभ होगा 18 वर्ष से अधिक उम्र वालो के लिए वैक्सीनेशन,

मध्यप्रदेश -: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 18 से 45 वर्ष के व्यक्तियों के नि:शुल्क वैक्सीनेशन का कार्य पाँच मई से प्रारम्भ होगा। वैक्सीनेशन के लिए  5 करोड़ 29 लाख डोजेस की संभावित आवश्यकता के दृष्टिगत दोनों वैक्सीन निर्माताओं को क्रय आदेश जारी किए गए हैं। वैक्सीनेशन के लिए डोजेस की जल्द से जल्द आपूर्ति के लिए आयात की संभावनाओं का भी परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 45 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों का वैक्सीनेशन कार्य यथावत जारी रहेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज मुख्यमंत्री निवास से कोविड-19 की रोकथाम एवं व्यवस्थाओं के संबंध में वीडियो कॉन्फ्रेंसिग द्वारा कोविड कोर ग्रुप की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा है कि ग्रामीण अंचल में होम आइसोलेशन व्यवस्था की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। पंचायत ग्रामीण विकास, वन, स्वास्थ्य विभाग का अमला और स्थानीय जन-प्रतिनिधि समन्वय और सामंजस्य बना कर व्यवस्था को पुख्ता करें। घर पर आइसोलेशन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का अभाव होने पर संक्रमित व्यक्ति को कोविड केयर सेंटर में स्थान्तरित किया जाए। आवश्यकता होने पर वाहन की व्यवस्था भी की जा सकती है। उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी जाँचे निर्धारित दरों पर हों, इस व्यवस्था को कड़ाई के साथ लागू करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि निर्धारित दर से अधिक मूल्य के मामलों में कठोर कार्यवाही की जाए।

मुख्यमंत्री चौहान को बैठक में बताया गया कि प्रदेश में नये पॉजिटिव 12 हजार 72  मामले आए है। स्वस्थ होने वालों की संख्या 13 हजार 408 है। इनमें से 1505 विभिन्न चिकित्सालयों से 706 कोविड केयर सेंटर से और 11 हजार 197 होम आइसोलेशन में स्वस्थ्य हुए हैं। प्रदेश में शासकीय चिकित्सालयों में 14 हजार 88 ऑक्सीजन बेड उपलब्ध हैं। इनमें से 11 हजार 891 भरे हुए है। निजी क्षेत्र में 10 हजार 837 ऑक्सीजन बेड में से 9 हजार 390 बेड भरे हुए हैं। प्रदेश में 14 हजार 472 आइसोलेशन बेड और 1 हजार 375 ऑक्सीजन बेड शासकीय कोविड केयर सेंटर में और 621 आइसोलेशन और 68 ऑक्सीजन बेड निजी क्षेत्र के कोविड सेंटर में उपलब्ध है। शासकीय कोविड केयर सेंटर में 28 प्रतिशत आइसोलेशन बेड और 61 प्रतिशत ऑक्सीजन बेड भरे हुए है। निजी क्षेत्र के कोविड केयर सेंटर में 22 प्रतिशत आइसोलेशन बेड और 85 प्रतिशत ऑक्सीजन बेड भरे हुए हैं। प्रदेश में 42 जिला चिकित्सालयों में नई ऑक्सीजन पाइप लाइन बिछाने का कार्य तेज गति से प्रगतिरत है। कुल 2,302 आक्सीजन पाइंट में से 1,558 का कार्य पूर्ण हो गया है। शेष का निर्माण कार्य तेज गति से जारी है। इसी तरह प्रदेश के 51 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में ऑक्सीजन पाइप लाइन बिछाने का कार्य भी तीव्र गति से किया जा रहा है।

एनएसएस के कैडेट्स द्वारा पक्षियों और पशुओं के लिये लगाये सकोरे तथा जलपात्र

कटनी -: पक्षी प्रकृति की अनमोल देन है। ऊंचे आकाश में उड़ते हुए यह सुंदर जीव अनंत काल से ही मानव कल्पना को प्रेरित करते रहते हैं। ग्रीष्म ऋतु में भीषण गर्मी एवं लू के चलते यह नन्हे पक्षी बड़ी संख्या में मृत्यु को प्राप्त होते हैं। जल की कमी इसका मुख्य कारण है।

            


                         हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी समस्त अधिकारी एवं स्वयंसेवको ने कोरोना के नियमो का पालन करते हुए अपने अपने घरों की छत पर एवं बाहर जल पात्र एवं सकोरे लगाए है। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से फोटो भेज कर अन्य लोगो को सकोरे लगाने हेतु जागरूक करने का कार्य भी इनके द्वारा किया जा रहा है। इनके द्वारा प्रतिदिन पक्षियों के लिए घर की छत में छोटे छोटे पात्रों में दाना पानी रखा गया हैजिससे गर्मी में थक कर आए पक्षी जल ग्रहण कर पुनः अनंत आकाश में गोता लगा सकें। आप सभी से आग्रह है कि अपनी अपनी छतों में पक्षियों के लिए सकोरे एवं बेजुबान पशुओं के लिए जल पात्र रखे।

सांसद शर्मा ने कटनी के लिए भेजीं 25 ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर मशीनें, ऑक्सीजन कन्सन्ट्रेटर मशीनें बनेंगी जीवनदायनी, कलेक्टर ने सांसद के प्रति आभार किया व्यक्त

कटनी -: कोरोना की इस विपदा में शासन और प्रशासन तन्मयता के साथ काम कर रहा है। कोविड की रोकथाम के लिये शासन द्वारा हर स्तर पर प्रयास किये जा रहे हैं। जिले में जनप्रतिनिधि भी कोरोना की इस लड़ाई में जीत के लिये अपना सक्रिय योगदान दे रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद वी.डी. शर्मा द्वारा कटनी के लिये 25 ऑक्सजीन कन्सन्ट्रेटर मशीनें भेजी गईं। इन मशीनों को उनके प्रतिनिधि के रूप में भाजपा के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को सौंपा।

         सांसद शर्मा द्वारा 75 ऑक्सीजन कन्सन्ट्रेटर मशीनें भेजी जानी हैं। अभी 25 मशीनें प्राप्त हुई हैं। जिन्हें हमने प्रशासन को सौंपा है। शेष मशीनें भी शीघ्र प्राप्त होंगी। ये मशीनें कोविड पेशेन्ट्स के लिये जीवनदायिनी बनेंगी। उन्होनें कहा कि इन कृतिम ऑक्सीजन मशीनों से किसी भी जरूरतमंद को त्वरित ऑक्सीजन मिल सकती है, जिससे मरीज की प्राण रक्षा हो सकेगी। सांसद शर्मा द्वारा तत्परता और सक्रियता के साथ कोविड की इस लड़ाई में सहयोग कर रहे हैं।

           सांसद  शर्मा द्वारा ऑक्सीजन कन्सन्ट्रेटर मशीनें भेजी गई हैं। उनके द्वारा अन्य चिकित्सीय सामग्री का भी सहयोग किया जा रहा है।

            कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने 25 ऑक्सीजन कन्सन्ट्रेटर मशीनें उपलब्ध कराने पर सांसद शर्मा का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होने कहा कि वर्तमान समय में यह मशीनें बहुत महत्वपूर्ण हैं। जिले में कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिये लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। कोरोना से लड़ाई में यह मशीनें मददगार साबित होंगी।

भारतीय परंपरा में यज्ञ के महत्व' पर वेबिनार आयोजित। पर्यावरण की शुद्धता और मन में सकारात्मकता के लिए करे "यज्ञ" : मंत्री उषा ठाकुर

मध्यप्रदेश -:वैश्विक कोरोना संकटकालीन समय में पर्यावरण की शुद्धता और मन में सकारात्मकता के लिए भारतीय परंपरा में प्रचलित यज्ञ कर्म को बढ़ावा देना चाहिए। पर्यटन, संस्कृति एवं आध्यात्म मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने 'भारतीय परंपरा में यज्ञ के महत्व' पर ऑनलाइन वेबिनार को संबोधित कर रही थी। सुश्री ठाकुर ने कहा कि भारतीय संस्कृति में हमेशा से ही प्रकृति व आस-पास के जीव- जंतुओं के साथ समन्वय बनाकर, सभी के कल्याण के लिए कार्य किया जाता रहा है। कोरोना महामारी संकटकालीन समय में यह और भी आवश्यक हो गया है कि हम अपने आसपास के वातावरण और वायुमंडल को शुद्ध रखें। इस कार्य में यज्ञ की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। 

सुश्री ठाकुर ने आग्रह किया कि यज्ञ दिवस पर सब संकल्प ले कि प्रतिदिन यज्ञ करेंगे और वातावरण को बेहतर बनाकर मानवता की सेवा में अपना योगदान देंगे। 

आध्यात्म विभाग के राज्य आनंद संस्थान द्वारा आयोजित ऑनलाइन वेबिनार में इंदौर के वैदिक विद्वान स्वामी प्रकाश आर्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि यज्ञ भारतीय सांस्कृतिक परंपरा में महत्वपूर्ण कृत्य के रूप में जाना जाता है। यज्ञ का अर्थ केवल हवन करना व अग्नि में आहुति देना भर नहीं है। अपितु यह दान, पुण्य के साथ ईश्वर से जुड़ने का एक सशक्त माध्यम हैं। यज्ञ हमारी सांस्कृतिक परंपरा में काफी व्यापक महत्व रखता है। 

वेबिनार में मुख्य कार्यपालन अधिकारी अखिलेश अर्गल, सत्य आर्य सहित सत्य सनातन वैदिक जीवन पद्धति में विश्वास रखने वाले देश और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से लोग शामिल हुए।

रविवार, 2 मई 2021

17 हजार श्रमिकों के खाते में करेंगे 379 करोड़ रूपये अंतरित ,संबल योजना के हितग्राही होंगे लाभान्वित

मध्यप्रदेश -: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 4 मई को जन-कल्याण संबल योजना में लगभग 17 हजार असंगठित श्रमिक परिवारों के बैंक खाते में 379 करोड़ रूपये सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित करेंगे। सहायता राशि वितरण के इस वर्चुअल कार्यक्रम में श्रम मंत्री श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

संबल योजना प्रदेश के श्रमिक परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ परिवारों को आधार प्रदान करने वाली योजना है। इस योजना के अन्तर्गत श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों की दुर्घटना मृत्यु पर 4 लाख रूपये की राशि उनके आश्रितों को प्रदान की जाती है। इसी तरह सामान्य मृत्यु तथा स्थायी अपंगता पर श्रमिक परिवारों को दो-दो लाख रूपये की अनुग्रह राशि मुख्यमंत्री जन-कल्याण संबल योजना में दी जाती है। योजना में आंशिक स्थायी अपंगता पर एक लाख रूपये उपलब्ध कराने और अन्त्येष्ठि सहायता के रूप में 5 हजार रूपये दिये जाने का प्रावधान भी हैं।

मुख्यमंत्री जन-कल्याण संबल योजना असंगठित क्षेत्र के गरीब श्रमिक परिवारों के लिए संबल प्रदान करने का कार्य कर रही है। योजना प्रारंभ होने से अब तक प्रदेश के 2 लाख 28 हजार हितग्राहियों को 1907 करोड़ रूपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है। पिछले वित्तीय वर्ष में कोरोना महामारी जैसी विषम परिस्थितियों में भी 72 हजार से अधिक हितग्राहियों के बैंक खाते में 582 करोड़ रूपये हितलाभ वितरित किये गये थे।

मुख्यमंत्री जन-कल्याण संबल योजना 2018 में शुरू की गई थी। इसमें असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के जरूरतमंद परिवारों को बच्चे के जन्म के पहले से लेकर पूरे जीवनकाल में मदद दी जाती है। इसमें हाथ ठेला चलाने वाले लोगों से लेकर कबाड़ इकट्ठा करने वाले गरीबों, घरों में काम करने वालों, पत्थर तोड़ने वालों को मदद मिलती है। प्रदेश के ऐसे लाखों गरीब परिवारों के लिये संबल योजना सहारा बनी है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छात्र नेता अजय माली ने शहर की गलियों में घूम घूम कर सैनेटाइज , कोविड 19 से बचाव के लिए लोगो को किया जागरूक

कटनी -: वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के प्रति जागरूकता एवं बचाव हेतु प्रशासन सहित कटनी के विभिन्न समाजसेवी संगठनों द्वारा नागरिकों की सुरक्षा हेतु विभिन्न प्रयास किये जा रहे हैं।  

     विगत दिनों अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्र नेता अजय वीरभद्र माली द्वारा कटनी की विभिन्न गलियों में सेनेटाइजर का छिड़काव  और लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक किया जा रहा है।।

   अजय वीरभद्र माली ने बताया कि ABVP स्टूडेंट फ़ॉर सेवा के माध्यम से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओ द्वारा कोरोना संकट में जरूरतमंदों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं। 

   माली ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए शासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करें, अनावश्यक रूप से घरों से बाहर ना निकलें, मास्क अवश्य लगाएं एवं दो गज की दूरी अवश्य रखें।