गुरुवार, 8 जुलाई 2021

जिला अस्पताल में शीध्र प्रारंभ होगा एक हजार एलपीएम क्षमता का ऑक्सीजन प्लान्ट,कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्थापित किये जा रहे प्लान्ट का किया निरीक्षण

कटनी -: शासन-प्रशासन द्वारा कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने की तैयारियां मुस्तैदी से की जा रही हैं। जिले में चिकित्सा सुविधा और बेहतर करने के लिये सतत् रुप से साधन-संसाधन बढ़ाये जा रहे हैं। इसी कड़ी में एक अच्छी खबर सामने आई है। जिला अस्पताल में पीएम केयर फण्ड से प्राप्त एक हजार एलपीएम की क्षमता का मेडिकल ऑक्सीजन प्लान्ट पहुंच चुका है। इसे स्थापित करने की प्रक्रिया तेजी से जारी है। गुरुवार को जिला अस्पताल पहुंचकर कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने मेडिकल ऑक्सीजन प्लान्ट के इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया का जायजा लिया। साथ ही तेजी से कार्य को पूरा करने के निर्देश भी उन्होने दिये।

            अपने विजिट के दौरान कलेक्टर मिश्रा ने डीआरडीओ द्वारा डिजाईन और विकसित किये गये मेडिकल ऑक्सीजन प्लान्ट का विजिट किया। जहां पर उन्होने प्लान्ट की स्थापना को लेकर की जा रही गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही प्लान्ट की कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर मिश्रा ने सिविल सर्जन को ऑक्सीजन प्लान्ट के पॉवर बैकअप के लिये जनरेटर की व्यवस्था जल्द ही कराने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि इसके माध्यम से जिला अस्पताल में आवश्यकता अनुसार ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। इसके लिये ऑक्सीजन सप्लाई लाईन स्थापित करने का शेष कार्य भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश सिविल सर्जन को कलेक्टर ने दिये।

            निरीक्षण के दौरान कलेक्टर मिश्रा ने प्लान्ट इंस्टॉलेशन का कार्य कर रहे एलएनटी के अधिकारियों को मेडिकल ऑक्सीजन प्लान्ट की सुरक्षा की दृष्टि सेफ्टी मेन्युअल तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। मिश्रा ने कहा कि ऑक्सीजन प्लान्ट स्थापित करने के लिये गठित की गई कमेटी, जिला अस्पताल में स्थापित किये जाने पर एक हजार एलपीएम और 600 एलपीएम के प्लान्ट में विद्युत सप्लाई के लिये क्या व्यवस्थायें कॉमन होंगी, इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिये निर्देशित किया।

            ऑक्सीजन प्लान्ट के साथ ही कलेक्टर ने जिला अस्पताल में निर्माणाधीन मेटरनिटी सेन्टर के कार्य का भी जायजा लिया। उन्होने कहा कि इस कार्य की गति भी ठीक है। यदि संभावित तीसरी लहर आती है, तो इसका उपयोग भी हम कर पायेंगे। यह ऑक्सीजन प्लान्ट के बगल में भी है। इसका लाभ भी हमें मिलेगा।

            विजिट के दौरान सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा, पीआईयू के अधिकारी तथा प्लान्ट इंस्टॉलेशन कंपनी एलएनटी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

बुधवार, 7 जुलाई 2021

मेरा शहर और जिला अपराधमुक्त बनें - कलेक्टर , अपराध से दूर रहे अपराधी, नहीं तो नेस्तनाबूत किये जाएंगे -पुलिस अधीक्षक

छतरपुर -:प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर कड़ी कार्यवाही किये जाने के निर्देश पर छतरपुर कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक  सचिन शर्मा के निर्देशन में शहर एवं जिले में चुस्त-दुरुस्त कानून व्यवस्था बनाये रखने और अपराधियों पर नकेल लगाने के मद्देनजर बुधवार को छतरपुर शहर में द्वार-द्वार जाकर अपराधी प्रवृत्ति के लोगों को अपराध से दूर रहने की चेतावनी दी गई और उनके घरों की सीमांकन की कार्यवाही भी की गई, इस प्रक्रिया की ड्रोन से फोटोग्राफी भी की गई। मेरा शहर और जिला अपराध मुक्त बनें। मेरे शहर में अमन शांति और भाई चारा रहे। अपराध से दूर रहे अपराधी नही तो नेस्तनाबूत किये जाएंगे। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा इस विशेष अभियान का हिस्सा बने उन्होंने भी शहर के मोहल्ले में पहुंचकर पुलिस अधिकारियों द्वारा की जा रही कार्यवाही की जानकारी ली।

पुलिस महकमे ने विभिन्न धाराओं मे पंजीबद्ध 50 से 60 अपराधियों को चिन्हित किया है। छतरपुर जिले में बुधवार को कलेक्टर, एसपी के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध शुरु की गई विशेष मुहीम के तहत उन्हें चेतावनी दी गई कि अपराध से दूर रहें और कानून का पालन करते हुए सहयोग करें। शहर के विभिन्न धाराओं में पंजीबद्ध अपराधी पर नकेल कसने के लिए कानून ने शिकंजा कसा। अपराधियों के घरों की सीमांकन की कार्यवाही नगरपालिका अमले द्वारा की गई। सीमांकन की संपूर्ण कार्यवाही पुलिस के ड्रोन कैमरे में कैद हुई।

छतरपुर जिला एवं पुलिस प्रशासन ने अपराधियों को साफ-साफ चेतावनी दी है कि अपराधिक गतिविधियों से दूर रहे। नारी-शक्ति के साथ होने वाले अपराधों के साथ-साथ सामाजिक अपराधों पर भी नियंत्रण लगाएं जो कोई भी अपराध में लिप्त पाया जायेगा उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही के साथ-साथ उनके घरों को भी जड़ से उखाड़ कर फैंक दिया जायेगा।

अपराध पर अंकुश लगाने छतरपुर पुलिस की विशेष पहल शुरू की गई है। अपराधी प्रवृत्ति और विभिन्न धाराओं मे पंजीबद्ध लोगों को अपराध में संलिप्त नही रहने के लिए सचेत किया जा रहा है। किसी अवैधनिक घटना में संलिप्त पाए जाने से कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

लाउडस्पीकर से घोषणा करते हुए, अपराधी व्यक्ति को सचेत किया गया कि किसी भी प्रकार की अपराधिक गतिविधि में संलिप्त नही रहे। अपराध पर नियंत्रण रखे यदि किसी घटना में संलिप्त होना पाया जाता है तो कड़ी वैधानिक कार्यवाही शुरू कराई जाएगी।

छतरपुर की डीएसपी अनुरुक्ति सबनानी और  शशांक जैन सहित शहर कोतवाली तथा विभिन्न थाना क्षेत्रों के पुलिस अधिकारी और भारी पुलिस बल के साथ शहर के अपराधी के घरों तक पुलिस पहुंची। आम लोगों से भी पुलिस प्रशासन द्वारा अपील की गई की सामाजिक अपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति की जानकारी पुलिस कंट्रोल रुम को बताएं इनसे डरने की जरूरत नही है पुलिस आपके साथ है, ऐसे लोगों के खिलाफ दी गई सूचना को गुप्त रखा जायेगा।

शहर में अपराधियों एवं उनकी अपराधिक प्रवृत्तियों से जुड़े व्यक्यिों पर सख्ती से लगाम लगाई जाएगी और अपराध करने वाले लोगों पर कानूनी कार्यवाही की जाएगी। आम लोगों के विश्वास को पुलिस प्रशासन तत्परता से बनाएं रखेगा। शहर एवं जिले के व्यक्ति बिना किसी डर के रहें। पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए सदैव उनके साथ है।


शुक्रवार, 2 जुलाई 2021

40 दिनों में 31 हजार 904 बेटियों के सुकन्या समृद्धि खाता खोलकर कटनी बना शीर्ष जिला , डाक विभाग ने जारी किया कलेक्टर और जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास सिंह का फोटोयुक्त डाक टिकिट जारी

कटनी -:जिले के लिये अच्छी खबर है। कटनी जिला प्रशासन के बेहतर प्रयासों से जिले ने सुकन्या समृद्धि योजना के क्रियान्वयन में सफलता अर्जित की है। कटनी जिला सबसे अधिक सुकन्या खाते खोलकर वित्तीय वर्ष 2020-21 में प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ रहा है। इस उपलब्धि के लिये भारतीय डाक विभाग द्वारा कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग नयन सिंह का फोटोयुक्त डाक टिकिट भी जारी किया गया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में पोस्ट मास्टर कटनी नारायण सिंह और सहायक अधीक्षक आर.आर. पटेल ने यह डाक टिकिट कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को सौंपा है। साथ ही उत्कृष्ट कार्य के लिये शुभकामनायें भी प्रेषित की हैं।

इसके पूर्व भी मई माह में जबलपुर संभाग के प्रवर अधीक्षक डाकघर पी.एन. पाण्डेय ने इस उपलब्धि के लिये कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को डीईओ लैटर लिखा था। साथ ही पूरी टीम को इस कार्य के लिये शुभकामनायें भी प्रेषित की गई थी।

उल्लेखनीय है कि जिले में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशों पर 22 फरवरी से 31 मार्च 2021 तक महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों एवं मैदानी कार्यकर्ताओं द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। जिसके तहत जिले की पात्र बेटियों के नाम डाकघरों में भारतीय डाक विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टाफ के समन्वय से सुकन्या समृद्धि खाता खोलने की कार्यवाही की गई।

            22 फरवरी से 31 मार्च 2021 तक चलाये गये व्यापक अभियान के सार्थक परिणाम सामने आये और जिले में 31 हजार 904 पात्र बेटियों के नाम से सुकन्या समृद्धि योजना के खाते खुलवाये गये। कटनी जिले में खुले खातों की संख्या प्रदेश में नंबर एक पर रही है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग नयन सिंह ने बताया कि सुकन्या समृद्धि योजना के तहत अकाउन्ट खोलने के लिये जिले में कार्ययोजना बनाकर कार्य किया गया था। जिसके तहत 40 दिनों में ही 31 हजार 904 बालिकाओं के खाते खोले गये। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के उद्देश्य के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग का अमला इस काम में मुस्तैदी से जुटा। प्रत्येक बालिका का खाता 250 रुपये से खोला गया। इसमें खास बात यह भी रही कि 1856 एैसी बालिकाओं जिनके अभिभावक के पास पैसे नहीं थे, उनकी राशि विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों ने स्वेच्छा से अपनी ओर से जमा कराई थी।

नेमावर की घटना अत्यंत जघन्य, इस तरह की घटनाओं के अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा : कलेक्टर, दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए त्वरित न्यायालय में होगी सुनवाई :पुलिस अधीक्षक

देवास-: जिले में जिला प्रशासन ने नेमावर हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुरेंद्र सिंह चौहान के 4 हजार 500 स्क्वेयर फीट में बने मकान और दुकान को किया ध्वस्त

आरोपी विवेक तिवारी का 02 हजार स्क्वेयर फ़ीट में बना मकान भी तोड़ा

देवास जिले में आज जिला प्रशासन ने नेमावर हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुरेंद्र सिंह चौहान पिता लक्ष्मण सिंह चौहान वार्ड नंबर 10 रेत नाका नेमावर की 4 हजार 500 स्क्वेयर फीट में तीन दुकान और दुकान के पीछे मकान को तोड़ने की कार्यवाही की। प्रशासन ने एक और आरोपी विवेक तिवारी पिता कमल किशोर लक्ष्मीनारायण तिवारी का वार्ड नम्बर 14 में 2 हजार स्क्वेयर फ़ीट में बने मकान तोड़ने की कार्यवाही की। 

इस दौरान कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला, पुलिस अधीक्षक डॉ शिवदयाल सिंह, एसडीएम खातेगांव त्रिलोचन गौड़, एएसपी सूर्यकांत शर्मा, डीएसपी किरण शर्मा, नगर परिषद सीएमओ अशोककुमार भमोलिया, बड़ी संख्या में जिला प्रशासन, पुलिस और नगर परिषद के कर्मचारीगण उपस्थित थे।

कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला ने कहा कि नेमावर की घटना अत्यंत जघन्य थी। इस तरह की घटनाओं के अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों को चिन्हित करके उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है। अपराधियों की अवैध संपत्ति और अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्यवाही की जा रही है। आज  मुख्य आरोपी सुरेंद्रसिंह चौहान के लगभग 4 हजार 500 स्क्वेयर फ़ीट में बने अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्यवाही की गयी है। इससे स्पष्ट मैसेज जाता है कि कोई भी इस तरह का अपराध करता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया है।  सभी आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है। न्यायिक कार्यवाही और अवैध संपत्ति तोड़ने कार्यवाही आगे भी इस तरह जारी रहेगी। कलेक्टर श्री शुक्ला ने बताया कि पीड़ित परिवारों को शासन के निर्देशानुसार 41 लाख 25 हजार रुपए की राशि स्वीकृति की गई है। जिसके आदेश जारी कर दिए गए हैं। यह राशि पीड़ित परिवार वालों के खातों में डाली जाएगी।

पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह ने कहा कि हम सभी साक्ष्य इक्कठा कर रहे हैं। अपराध को हमने चिन्हित अपराधों की श्रेणी में रखा गया है। हमारी कोशिश है आरोपियों को जल्दी से जल्दी सजा दिलवाई जाए। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले इसलिये त्वरित न्यायालय में सुनवाई करके आरोपियों को सजा दिलाई जाएगी। सभी आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड देखे जा रहे है। सभी आरोपियों की संपत्ति की जानकारी ले जा रही है। यदि कोई अवैध निर्माण पाया जाता है तो अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्यवाही की जाएगी। आरोपियों के अन्य स्रोतों की जानकारी ली जा रही है। आरोपियों पर अन्य जिलों में कोई आपराधिक रेकॉर्ड भी देखा जा रहा है। आपराधिक रिकॉर्ड पाए जाने पर उन पर भी कार्यवाही की जाएगी।


भीड़तंत्र का शिकार हुआ चोर, सोशल मीडिया में वीडियो वायरल

कटनी - जिले में कानून व्यवस्था कितना लाचार हो चुकी है इस बात का अंदाजा इससे ही लगाई जा सकती हैं कि यहां इंसाफ पुलिस या न्यायालय नही बल्कि खुद शिकायतकर्ता ही करते है। और पुलिस को मामले की भनक तक नही लगती। दरअसल कोतवाली थाना क्षेत्र के झंडा बाजार स्थित एक तेल व्यापारी की दुकान से तेल का जार चोरी करता हुआ एक युवक पकड़ा गया फिर क्या था व्यापारी वर्ग को भीड़तंत्र में बदलते तनिक भी देरी नही लगी और सभी लाठी डंडे लिए खुद ही इंसाफ करते हुए चोर को एक के बाद एक डंडे मारने लगे। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो गया लेकिन कोतवाली टीआई को घटना24 घंटे के बाद भी घटना की जानकारी नही लग सकी। हां अपनी ही बडाई में टीआई विजय विश्वकर्मा ने ये जरूर कहा कि आरोपी चोर को गिरफ्तार कर उसे न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया गया। लेकिन कानून को हाथ मे लेंने वाले व्यापारियों पर क्या कार्यवाही होगी इसके बारे में कुछ नही कहा।जाहिर है पुलिस का ये रवैया नियमो को तोड़ने वाले लोगो के लिए एक बढ़ावे के तौर पर काम आएगा। आप भी देखे ये चंद सेंकेंड का वीडियो ओर समझे कटनी जिले की कानून व्यवस्था को।

गुरुवार, 1 जुलाई 2021

डॉक्टर्स डे पर जिलास्तरीय कार्यक्रम का हुआ आयोजन , समर्पित भाव से मानव स्वास्थ्य की सेवा करने के लिये डॉक्टर्स का किया सम्मान

कटनी:-राष्ट्रीय डॉक्टर्स दिवस के अवसर पर जिलास्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। होटल ऋषि रेजेन्सी में आयोजित जिलास्तरीय कार्यक्रम में कोरोना संक्रमण काल में कठोर परिश्रम व समर्पित भाव से मानव स्वास्थ्य की सेवा करने वाले डॉक्टर्स का सम्मान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद वी.डी. शर्मा ने किया। इस अवसर पर विधायक संदीप जायसवाल और विधायक प्रणय प्रभात पाण्डेय, संभागीय संगठन मंत्री शैलेन्द्र बरुआ, भाजपा जिला अध्यक्ष रामरतन पायल, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी भी शामिल हुये।

            डॉक्टर्स डे पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुये सांसद शर्मा ने कहा कि समाज में दो वर्ग एैसे हैंजिन्हें समाज में सर्वाधिक उज्जवल पक्ष के रुप में देखा जाता है। यह हैं स्वास्थ्य और चिकित्सा। यह दोनोें व्यवस्थायें महज सरकार के बल पर नहीं चल सकतीं। इसमें समाज की सहभागिता जरुरी है।

            प्रधानमंत्री जी के द्वारा मन की बात में डॉक्टर्स डे पर किये गये उल्लेख की बात सांसद शर्मा ने कही। उन्होने कहा कि आज का दिन महत्वपूर्ण हैं। डॉक्टर्स को हम भगवान मानते हैंक्योंकि वे हमें जीवन देने का काम करते हैं। अपने आपको जोखिम में डालकर भी दूसरों की चिन्ता करते हुये उनके स्वास्थ्य की तत्परता से रक्षा करते हैं।

            डॉक्टर्स डे के अवसर पर एक संकल्प भी लेने का आव्हान सांसद शर्मा ने किया। उन्होने कहा कि डॉक्टर वही हैजो गरीबों की संवेदनशीलता को समझे। आईये हम सभी संकल्प लें कि कोई भी गरीब चिकित्सा से वंचित नहीं होगा। डॉक्टर्स के मान-सम्मान में कोई भी कमी नहीं होनी चाहिये। यह हमारा और समाज का दायित्व है।

            कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की तैयारियों को लेकर हो रही व्यवस्थाओं की जानकारी भी सांसद शर्मा ने दी। उन्होने कहा कि संकट अभी गया नहीं हैकम हुआ है। सावधानी और जागरुकता जरुरी है। सभी कोविड अनुकूल व्यवहार का पालन करें। टीकाकरण के प्रति लोगों को प्रेरित करें। आगामी समय के लिये हम अलर्ट रहने की जरुरत है। जिले में ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की दिशा में काम हो रहा है। शीघ्र ही ऑक्सीजन जनरेटर प्लान्ट भी स्थापित हो जायेंगे। ग्रामीण सीएचसी और पीएचसी की व्यवस्थाओं को और बेहतर करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

            डॉक्टर्स डे के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुये विधायक जायसवाल ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल में हमारे जिले के डॉक्टर्स ने जी-जान से मेहनत करके लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा की है। उनके समर्पित सेवा भाव के प्रति ईश्वर भी उन्हें आर्शीवाद देगा और समाज उनका ऋणी रहेगा।

            बहोरीबंद विधायक पाण्डे ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होने कहा कि सभी डॉक्टर्स को डॉक्टर्स डे पर मेरी तरफ से शुभकामनायें। कोरोना संक्रमण काल में हमने आपकी भूमिका को देखा है। आपका समर्पित सेवा भाव के प्रति हम हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।

            कार्यक्रम के प्रारंभ ने कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने डॉक्टर्स का स्वागत किया। उन्होने कहा कि अब तक पूरे कोरोना काल में जिले में 1 लाख 63 हजार सैम्पल लिये गये हैं। 9 हजार लोग कोविड पॉजीटिव हुये हैं। इनका उपचार भी हमारे डॉक्टर्स ने ही किया है। जिले में आयुष्मान में पंजीकृत अस्पतालों के साथ ही सभी सरकारी एवं निजी अस्पतालों के द्वारा मानव स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुये अपनी उत्कृष्ट सेवायें दी गई हैं। क्राईसिस के समय जब कोई खड़ा होता हैतो उसकी अहमियत समझ में आती है। कोरोना की लड़ाई में हमारे सैनिकहमारे कमाण्डर हमारे डाक्टर्स ही हैं।

डॉक्टर्स का किया गया सम्मान

            डॉक्टर्स डे के अवसर पर जिलास्तरीय कार्यक्रम में डॉक्टर्स का सम्मान भी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया। इस दौरान डॉ. एस.पी. सोनीडॉ. अमित प्यासीडॉ. संजय शिवहरेडॉ. दिनेश बरोड़ाडॉ. सुनीता वर्माडॉ. राजेन्द्र ठाकुरडॉ. समीर सिंघईडॉ. मनीष गट्टानीडॉ. पंकज गुप्ताडॉ. एल.एन. खण्डेलवालडॉ. राजेश बत्रा को शॉल-श्रीफल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इसलिये मनाया जाता है डॉक्टर्स डे

डॉक्टर्स डे के विषय में जानकारी कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने दी। उन्होने बताया कि हर वर्ष डॉक्टर्स डेचिकित्सकों के समाज की स्वास्थ्य रक्षा एवं उपचार संबंधित गतिविधियों में उनके कठोर परिश्रम व समर्पण की सराहना के प्रतीक स्वरुप मनाया जाता है। यह दिवस एक महान चिकित्सक व जन नेता डॉ. विधान चन्द्र राय की पुण्य तिथि पर मनाया जाता है। डॉ. राय का जन्म पटना में सन 1882 में हुआ। पटनाकलकत्ता व इंगलेण्ड के प्रतिष्ठित संस्थानों में शिक्षा प्राप्त कर उन्होने वर्ष 1911 में शिक्षण व सामुदायिक चिकित्सा का कार्य प्रारंभ किया। वे सदैव अनेक उन्नत चिकित्सा संस्थानों की स्थापनामातृ एवं शिशु हितैषी गतिविधियों तथा स्वस्थ्य राष्ट्र की आकल्पना के लिये जाने जायेंगे।

इसके साथ ही उन्होने कलकत्ता नगर के महापौरउप कुलपतिमेडिकल काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्षसंयुक्त प्रांत के राज्यपाल एवं वर्ष 1948 से लगातार 14 वर्षों तक पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद को सुशोभित किया। वर्ष 1961 में उन्हें भारत रत्न का सर्वोच्च सम्मान प्राप्त हुआ। 80 वर्ष की उम्र में 1 जुलाई 1962 को डॉ. राय का दुःखद निधन हुआ। इसकी पुण्य स्मृति में वर्ष 1993 से यह दिवस डॉक्टर डे के रुप में मनाया जाता है।

            इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने वर्ष 2020 में कोविड की विभीषिका को देखते हुये कोविड-19 से संबंधित मृत्यु को कम करने का आव्हान किया था। पिछले वर्ष व इस वर्ष भी चिकित्सक समुदाय ने कोविड-19 प्रबंधन मेंजो प्राणों की चिंता किये बिना अपनी सराहनीय भूमिका निभाई हैउससे इस दिवस की महत्ता और बढ़ जाती है।

             डॉक्टर्स डे के अवसर पर आयोजित जिलास्तरीय कार्यक्रम में जिला पंचायत की प्रधान ममता पटेलपूर्व मंत्री अलका जैनपूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तवपूर्व जिला अध्यक्ष पीताम्बर टोपनानीजिला पंचायत सदस्य पूजा देवी सिंहअपर कलेक्टर रोमोनुस टोप्पासीएमएचओ डॉ. प्रदीप मुढि़यासिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्माएसडीएम बलबीर रमन सहित अन्य संबंधित अधिकारीजनप्रतिनिधि एवं डॉक्टर्स भी उपस्थित रहे।

मंगलवार, 29 जून 2021

12वीं की परीक्षा का परिणाम तैयार करने की कार्ययोजना

मध्यप्रदेश -:माध्यमिक शिक्षा मंडल ने सत्र-2020-21 में 12वीं की परीक्षा का परिणाम तैयार करने की विस्तृत कार्य योजना नियत कर ली है। 12वीं की परीक्षा का परिणाम कक्षा 10वीं के सर्वश्रेष्ठ 5 विषयों के विषयवार अंको के आधार पर तैयार किया जाएगा। इसके लिए 10वीं के विषयों का 12वीं के संकायवार विषयों से मैपिंग की गई है। नियमित और स्वाध्याय परीक्षा के किसी भी छात्र को फेल नहीं किया जाएगा। अतिरिक्त विषय या अतिरिक्त संकाय के छात्रों को उस विषय में दसवीं के साथ मुख्य संकाय के अनुसार मैप किए गए विषय अनुसार अंक प्रदान किए जाएंगे। श्रेणी सुधार छात्रों के अंक हाईस्कूल से मैप किए गए समूह के अंक के अनुसार ही दिए जाएंगे। 

माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी आदेश अनुसार बेस्ट ऑफ फाइव पद्धति में हाईस्कूल के सबसे अधिक अंकों वाले विषयों के अतिरिक्त छठवां विषय 12वीं कक्षा के जिस विषय से मैप किया जाएगा, उस विषय में हाईस्कूल के तृतीय भाषा विषय के अंक प्रदान किए जाएंगे। उदाहरण के लिए किसी छात्र को हाईस्कूल में सामाजिक विज्ञान विषय के अंक बेस्ट ऑफ फाइव पद्धति के अंतर्गत बाहर होने के कारण उसके परिणाम में नहीं जोड़े गए हैं, तो ऐसे छात्र को 12वीं के परीक्षा परिणाम में सामाजिक विज्ञान विषय के अंकों के स्थान पर 10वीं की तृतीय भाषा के अंक प्रदान किए जायेगे। 

इसी तरह प्रायोगिक परीक्षा के लिए निर्धारित मापदंड अनुसार कुल 100 अंकों में से गणना उपरांत 12वीं की परीक्षा के प्रायोगिक भाग वाले विषयों में प्रायोगिक भाग में अंक, छात्र द्वारा 100 में से अर्जित प्राप्त अंको के प्रतिशत अधिभार के आधार पर प्रदान किए जायेगे। उदाहरण के लिए यदि किसी छात्र को 70% अंक प्राप्त होते हैं तो भौतिक शास्त्र के प्रायोगिक भाग में 30 अंकों का 70% अंक अर्थात 21 अंक प्रदान किए जाएंगे और शेष 49 अंक सैद्धांतिक भाग में प्रदर्शित किए जायेगे।

यदि कोई छात्र अपने प्राप्तांक से असंतुष्ट रहता है तो कोविड-19 संकटकाल की समाप्ति उपरांत राज्य शासन की अनुमति से आयोजित होने वाली परीक्षा में भाग ले सकेगा। ऐसे छात्रों को परीक्षा परिणाम घोषित होने के 7 दिन के अंदर परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए ऑनलाइन पंजीयन करना अनिवार्य होगा। इस वर्ष 12वीं की परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी छात्रों को पूर्व वर्ष अनुसार अंक सूचियों में केवल श्रेणी अंकित की जाएगी। इस वर्ष 12वीं परीक्षा परिणाम की मेरिट लिस्ट जारी नहीं की जाएगी।

अन्य राज्य और अन्य बोर्ड से 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले प्रत्येक छात्र को संबंधित अग्रेशन संस्था के माध्यम से 5 जुलाई 2021 तक 10वीं की अंकसूची अनुसार अंक भरना और अंकसूची अपलोड करना अनिवार्य होगा। यह प्रक्रिया 29 जुलाई 21 से एमपी ऑनलाइन के माध्यम से की जायेगी। अधिक जानकारी और दसवीं के विषयों का 12वीं के संकायवार विषयों से मैपिंग की अधिक जानकारी के लिए क्लिक करे।