कटनी/दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। कटनी निवासी सात माह की गर्भवती महिला को उसके ही प्रेमी और उसके ममेरे भाई ने मिलकर दरिंदगी का शिकार बनाया। दोनों ने महिला के गर्भवती होने की हालत को नजरअंदाज करते हुए न केवल उससे रेप किया, बल्कि मारपीट कर खाई में भी फेंक दिया।
घटना दमोह जिले के जबेरा थाना क्षेत्र के तेलन मार्ग की है। प्रेमी ने महिला को झांसे में लेकर सुनसान इलाके में बुलाया। वहां पहले खुद रेप किया और फिर अपने ममेरे भाई से भी रेप करवाया। इसके बाद दोनों ने उसे बुरी तरह पीटा और घाटी में फेंक कर फरार हो गए।
घायल अवस्था में मिली महिला की मदद पौंडी के सरपंच मनोज राय और स्थानीय निवासी साहब पटेल ने की। महिला को जबेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। पीड़िता की हालत गंभीर बनी हुई है।
महिला ने बयान में बताया कि वह कटनी की रहने वाली है और आरोपी उसका प्रेमी था, जिसने शादी का झांसा देकर पहले संबंध बनाए और फिर गर्भवती होने पर उसे जान से मारने की साजिश रची।
कटनी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ गैंगरेप, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
कटनी और दमोह जिले की पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और आरोपियों को कड़ी सजा की मांग की जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें