कटनी। शहर में बढ़ती अवैध गतिविधियों, शराबखोरी और आपराधिक घटनाओं के बीच नगर पुलिस अधीक्षक लगातार एक्शन मोड में नजर आ रही हैं। हाल ही में माधवनगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई के बाद अब बस स्टैंड चौकी इलाके में स्थित गुप्ता भोजनालय पर देर रात पुलिस ने दबिश देकर शराबखोरी की शिकायत को सही पाया।
जानकारी के अनुसार पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बस स्टैंड चौकी के समीप संचालित भोजनालय में लोगों को बैठाकर खुलेआम शराब पिलाई जा रही है। आरोप था कि यहां देर रात तक असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता है, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है और विवाद की स्थिति बनती रहती है।
शिकायत के आधार पर सीएसपी ने पुलिस टीम के साथ देर रात रेड कार्रवाई की। इस दौरान यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक भी मौजूद रहे। जांच के दौरान पुलिस ने कुछ लोगों को भोजनालय परिसर में शराब पीते हुए पाया। मौके से शराब की खाली बोतलें भी बरामद हुईं। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की और संचालक को सख्त चेतावनी दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से इस तरह की गतिविधियां चल रही थीं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ते जा रहे थे। नागरिकों ने यह भी बताया कि हाल ही में इसी इलाके में चाकूबाजी जैसी गंभीर घटना भी सामने आई थी, जिसके बाद से लोगों में भय और नाराजगी का माहौल है।
लगातार दूसरी बड़ी रेड के बाद शहर में चर्चा तेज हो गई है कि पुलिस अब अवैध शराबखोरी और असामाजिक गतिविधियों पर सख्त रुख अपनाने के मूड में है। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि सार्वजनिक स्थानों, ढाबों और भोजनालयों में अवैध रूप से शराब पिलाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें