सोमवार, 25 मई 2026

आर्यिकाओं की मौत पर भड़का जैन समाज, कटनी में उबाल

धरने पर बैठे समाजजन, विधायक संदीप श्रीप्रसाद भी पहुंचे समर्थन में; कलेक्टर को बुलाने की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी

कटनी। रीवा जिले में कुछ दिन पूर्व हुए भीषण सड़क हादसे में जैन समाज की दो आर्यिकाओं की दुखद मृत्यु के बाद पूरे प्रदेश में आक्रोश का माहौल है। सोमवार को कटनी में भी जैन समाज का गुस्सा सड़कों पर दिखाई दिया, जब बड़ी संख्या में समाजजन पैदल जुलूस निकालते हुए थाना तिराहा पहुंचे और वहां प्रदर्शन सभा आयोजित की।

समाजजनों का उद्देश्य जिला प्रशासन के माध्यम से शासन तक अपनी भावनाएं और मांगें पहुंचाना था, लेकिन जब ज्ञापन लेने के लिए प्रशासन की ओर से एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी पहुंचे, तो प्रदर्शनकारी नाराज हो गए। जैन समाज का कहना था कि इतने संवेदनशील मामले में स्वयं कलेक्टर को उपस्थित होकर ज्ञापन लेना चाहिए था।

कलेक्टर के मौके पर नहीं पहुंचने से नाराज समाजजनों ने थाना तिराहे पर चक्काजाम कर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। समाज के लोगों ने साफ कहा कि जब तक कलेक्टर स्वयं मौके पर नहीं पहुंचेंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।


धरने में शामिल लोगों ने कहा कि आर्यिकाओं की मृत्यु ने पूरे जैन समाज को गहरे आघात पहुंचाया है और प्रशासन को इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए गंभीर कदम उठाने चाहिए।

इस दौरान मुड़वारा विधायक भी जैन समाज के समर्थन में धरना स्थल पहुंचे और समाजजनों के साथ सड़क पर बैठकर आंदोलन में शामिल हुए। विधायक ने समाज की भावनाओं का समर्थन करते हुए प्रशासन से तत्काल संवाद स्थापित करने की मांग की।

थाना तिराहा क्षेत्र में सड़क जाम होने से यातायात प्रभावित रहा। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और देर शाम तक प्रदर्शनकारी कलेक्टर के आने की मांग पर अड़े रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

Featured Post

मध्यप्रदेश राज्यसभा नामांकन पर बवाल: अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज का भाजपा पर बड़ा हमला

‘ वोट हमारे, प्रतिनिधित्व किसी और का!’: एक दशक से राज्यसभा में ब्राह्मण चेहरा न होने पर भड़का गुस्सा, नेतृत्व से मांगा जवाब विशेष संवाददाता,...