मंगलवार, 26 मई 2026

“आज बच गया…” धमकी देने वाला युवक चढ़ा बिलहरी पुलिस के हत्थे, जंगल से गिरफ्तार होकर पहुंचा जेल 🚨

कटनी। जिले में गंभीर अपराधों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलहरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने देर रात जंगल में घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त छुरा भी बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में गंभीर अपराधों के आरोपियों की धरपकड़ तेज की गई है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक , नगर पुलिस अधीक्षक तथा थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक राजेंद्र मिश्रा के मार्गदर्शन में बिलहरी चौकी पुलिस ने यह कार्रवाई की।


पुलिस के अनुसार 25 मई 2026 को फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ग्राम बड़खेरा स्थित अपने खेत से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में आरोपी प्रहलाद पटेल उर्फ पला ने उसे गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फरियादी के पेट पर छुरे से हमला कर दिया। बचाव करने के दौरान उसकी जांघ में भी गंभीर चोट आई।

बताया गया कि आरोपी ने दोबारा हमला करने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद राजेंद्र और संदीप पटेल ने बीच-बचाव कर फरियादी की जान बचाई। घटना के बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।

एफआईआर दर्ज होते ही बिलहरी पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर कनकी जंगल की ओर भाग गया था। पुलिस टीम ने देर रात तक जंगल में लगातार सर्चिंग की और काफी मशक्कत के बाद आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद घटना में इस्तेमाल किया गया छुरा भी बरामद कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी बिलहरी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय सहित आर. व्यास गुप्ता, भारत विश्वकर्मा, संतोष प्रजापति, आरक्षक सौरभ जैन, लव उपाध्याय, दिल्केश्वर सिंह, संदीप भलावी, विकास तथा सैनिक धनेंद्र त्रिपाठी की सराहनीय भूमिका रही।

कोई टिप्पणी नहीं:

Featured Post

कटनी में सांप्रदायिक तनाव की आहट: महाराणा प्रताप पर कथित अभद्र टिप्पणी से भड़का हिंदू समाज, करणी सेना ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

“सनातन के अपमान पर सड़कों पर उतरा समाज”… आरोपी पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन कटनी। शहर और ग्रामीण अंचल में एक बार फिर धार्...