सोमवार, 25 मई 2026

बहोरीबंद में आधी रात भीषण हादसा: शॉर्ट सर्किट के बाद फटा गैस सिलेंडर, मकान ढहा, लाखों का नुकसान

ग्राम पंचायत बासन की घटना, बाहर सो रहा था परिवार इसलिए टला बड़ा हादसा; विधायक प्रणय प्रभात पांडे ने तत्काल सहायता का दिया भरोसा

कटनी। जिले की बहोरीबंद तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत बासन में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आने के बाद घर में रखा घरेलू गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिससे मकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और पूरे घर का सामान जलकर राख हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बासन निवासी रज्जू यादव के घर में रात करीब 2 बजे अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। चिंगारी से लगी आग तेजी से पूरे मकान में फैल गई। आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा था, तभी घर में रखा एलपीजी सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास का इलाका दहल उठा और मकान का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया।


खुले में सो रहा था परिवार, बाल-बाल बची जान

गर्मी अधिक होने के कारण घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के बाहर खुले आसमान के नीचे सो रहे थे। अचानक धमाके और आग की लपटें उठते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि परिवार के सदस्य समय रहते सुरक्षित दूरी पर थे, जिससे जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।

अनाज, कपड़े और दस्तावेज जलकर खाक

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि तब तक घर में रखा अनाज, कपड़े, जरूरी दस्तावेज और गृहस्थी का लगभग पूरा सामान जल चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार पीड़ित परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद गांव में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।

पीड़ित परिवार की मदद को आगे आए विधायक

घटना की जानकारी मिलते ही बहोरीबंद विधायक ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए तत्काल ₹25 हजार की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही। भोपाल में मौजूद विधायक ने फोन पर जानकारी देते हुए कहा कि पीड़ित परिवार तक जल्द राहत पहुंचाई जाएगी तथा शासन स्तर से मिलने वाली हर संभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

स्थानीय लोगों ने विधायक द्वारा त्वरित सहायता और संवेदनशीलता दिखाने पर आभार व्यक्त किया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

Featured Post

आर्यिकाओं की मौत पर भड़का जैन समाज, कटनी में उबाल

धरने पर बैठे समाजजन, विधायक संदीप श्रीप्रसाद भी पहुंचे समर्थन में; कलेक्टर को बुलाने की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी कटनी। रीवा जिले में कुछ द...