“सनातन के अपमान पर सड़कों पर उतरा समाज”… आरोपी पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन
कटनी। शहर और ग्रामीण अंचल में एक बार फिर धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। महाराणा प्रताप जयंती के मौके पर कथित अभद्र टिप्पणी, सनातन धर्म और हिंदू समाज के खिलाफ अमर्यादित भाषा के आरोपों ने जिले का माहौल गर्मा दिया है। मामले को लेकर श्री राजपूत करणी सेना और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश फूट पड़ा है। सोमवार को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समाजजन सड़कों पर उतर आए और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
मामला रंगनाथ थाना क्षेत्र के बरगवां गांव से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां औरंगजेब उर्फ आमिर मंसूरी पर आरोप है कि उसने महाराणा प्रताप को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की और सनातन धर्म पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। विरोध करने पहुंचे युवकों के साथ कथित मारपीट और सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
“आरोपी खुलेआम घूम रहे, पुलिस क्यों नरम?”
करणी सेना ने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि शिकायत के कई दिन बाद FIR दर्ज की गई, लेकिन मामले की गंभीरता के बावजूद कठोर धाराएं नहीं जोड़ी गईं। संगठन का कहना है कि पुलिस की ढिलाई से आरोपियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं और हिंदू समाज में गहरा आक्रोश फैल रहा है।
करणी सेना जिला अध्यक्ष सूर्यपाल सिंह सोनू सोलंकी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन उग्र होगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
घर, वाहन और कथित अवैध कारोबार की जांच की मांग
ज्ञापन में आरोपियों की संपत्तियों, वाहनों और कथित अवैध गतिविधियों की जांच की मांग भी उठाई गई। करणी सेना का कहना है कि केवल FIR दर्ज करना पर्याप्त नहीं, बल्कि ऐसा एक्शन होना चाहिए जिससे समाज में स्पष्ट संदेश जाए।
धरना-प्रदर्शन शुरू, बढ़ सकता है विवाद
हिंदू संगठनों ने 25 मई से धरना-प्रदर्शन शुरू करने का ऐलान कर दिया है। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में समाजजन, करणी सेना पदाधिकारी और स्थानीय युवा मौजूद रहे। पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, हालांकि पुलिस प्रशासन हालात पर नजर बनाए होने की बात कह रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें