गुरुवार, 30 अक्टूबर 2025

जिला बदर के आरोपी समेत चचेरे भाई पर मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप — पीड़ित बर्मन परिवार ने एसपी से की निष्पक्ष जांच की मांग

जिला बदर के आरोपी समेत चचेरे भाई पर मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप — पीड़ित बर्मन परिवार ने एसपी से की निष्पक्ष जांच की मांग

कटनी। जिले के बरही थाना क्षेत्र के ग्राम गैरतलाई में एक बर्मन परिवार भय और आतंक के साए में जीने को मजबूर है। गांव के ही जिला बदर के आरोपी और उसके चचेरे भाई द्वारा मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पीड़ित परिवार ने न्याय की गुहार लगाते हुए कटनी पुलिस अधीक्षक को पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गैरतलाई निवासी गुड्डा बर्मन ने अपने आवेदन में बताया कि 21 अक्टूबर की शाम वह अपने भतीजे मनसुखलाल बर्मन के साथ घर के पास बैठा था। इसी दौरान गांव के मुन्नू सिंह रघुवंशी (जो जिला बदर के आरोपी पुष्पराज सिंह रघुवंशी का चचेरा भाई बताया गया है) ने पुरानी रंजिश को लेकर गालियां देते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसी बीच पुष्पराज का भाई जगतराज सिंह रघुवंशी भी वहां पहुंचा और गुड्डा बर्मन के सिर पर लाठी से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और सिर से खून बहने लगा।

पीड़ित के मुताबिक, हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे कोदू बर्मन और बबली बर्मन ने उसकी जान बचाई। आरोपियों ने जाते-जाते धमकी दी कि “आज तो बच गए, अगली बार जान से मार देंगे।” घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात भी सामने आई है।

गुड्डा बर्मन ने बताया कि आरोपियों के सहयोगी के रूप में एक आदिवासी महिला द्वारा भी उन्हें धमकाया जा रहा है कि यदि शिकायत की तो “आदिवासी एक्ट” में फंसा दिया जाएगा। वहीं, आरोपियों ने भी दोबारा जान से मारने की धमकी दी है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि वह भय के कारण घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। आरोप है कि जिन लोगों से खतरा है, वे आदतन अपराधी हैं और उन पर पहले भी जिला बदर की कार्रवाई हो चुकी है।

पीड़ित बर्मन परिवार ने एसपी कटनी से निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

– स्टेट24न्यूज, बरही संवाददाता

कोई टिप्पणी नहीं: