कटनी। नगर निगम कटनी की संवेदनहीनता और लापरवाही का एक शर्मनाक चेहरा सामने आया है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नगर निगम के कचरा ढोने वाले ट्रैक्टर से एक लावारिस शव को घसीटते हुए कचरा ट्रॉली में डाला गया और उसी में अंतिम यात्रा कराई गई।
यह दृश्य न केवल अमानवीय है, बल्कि प्रशासनिक तंत्र की संवेदना और जिम्मेदारियों पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त ट्रैक्टर नगर निगम की संपत्ति है और नियमित रूप से कचरा ढोने के लिए उपयोग में लाया जाता है। यही ट्रॉली इस बार एक शव के "अंतिम वाहन" के रूप में प्रयोग की गई।
घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। क्षेत्र में चर्चा है कि महापौर द्वारा संचालित 'शव वाहन सेवा' केवल खास और 'चयनित' लोगों को ही दी जाती है, जबकि गरीब, बेसहारा या लावारिस शवों के लिए या तो यह सेवा उपलब्ध नहीं होती या फिर जानबूझकर नज़रअंदाज़ किया जाता है।
स्थानीय सामाजिक संगठनों ने इस शर्मनाक घटना की कड़ी निंदा की है और सवाल उठाया है —
> “जो व्यक्ति इस दुनिया से चला गया, वह भी कभी किसी का अपना रहा होगा। क्या उसे कचरे की तरह फेंक देना इंसानियत के खिलाफ नहीं है?”
इस पूरे मामले ने नगर निगम की कार्यप्रणाली की पोल खोल दी है। जिन संस्थाओं को अंतिम संस्कार तक में गरिमा बनाए रखने की जिम्मेदारी है, जब वही इस तरह का व्यवहार करें तो यह समाज के लिए एक खतरनाक संकेत है।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस अमानवीय व्यवहार पर क्या संज्ञान लेता है। क्या लावारिस और बेसहारा लोगों को भी भविष्य में सम्मानजनक अंतिम विदाई मिल पाएगी?

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें