कटनी। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने मंगलवार को थाना उमरियापान एवं थाना स्लीमनाबाद का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थानों की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई व्यवस्था तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए।
एसपी ने थानों के हवालात, मालखाना, सीसीटीएनएस कक्ष, अपराध रजिस्टर एवं अन्य अभिलेखों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण, रिकॉर्ड के सुव्यवस्थित संधारण तथा समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
जनसुनवाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि थाना आने वाले फरियादियों की शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और प्रत्येक शिकायत का रिकॉर्ड संधारित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान रात्रि गश्त व्यवस्था, डायल-112 के रिस्पॉन्स टाइम और क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों पर निगरानी की स्थिति का भी जायजा लिया गया। एसपी ने निर्देश दिए कि रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाया जाए तथा अपराधियों के विरुद्ध लगातार कड़ी कार्रवाई की जाए।
थानों में चल रहे जीर्णोद्धार कार्य, साफ-सफाई एवं महिला हेल्प डेस्क की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने थाना स्टाफ से कहा कि आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर पुलिस की विश्वसनीयता को मजबूत करें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें