कटनी। नीट परीक्षा में एक बार फिर पेपर लीक की घटना सामने आने के बाद युवाओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। इसी के विरोध में आम आदमी पार्टी, जिला कटनी द्वारा सुभाष चौक में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, युवा एवं पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई।
प्रदेश कोर कमेटी सदस्य ने कहा कि देश का युवा रात-रात भर जागकर मेहनत करता है और माता-पिता अपनी जमा पूंजी बच्चों की पढ़ाई में लगा देते हैं, लेकिन सरकार की लापरवाही और भ्रष्ट व्यवस्था युवाओं के सपनों को बार-बार कुचल रही है। उन्होंने कहा कि लगातार चौथी बार पेपर लीक होना यह साबित करता है कि सरकार शिक्षा व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल हो चुकी है। उन्होंने शिक्षा मंत्री से नैतिकता के आधार पर तत्काल इस्तीफा देने की मांग की।
जिलाध्यक्ष एडवोकेट ने आरोप लगाया कि 22 लाख छात्रों की मेहनत को शिक्षा माफियाओं ने बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार अपने बच्चों को डॉक्टर बनाने का सपना देखते हैं, लेकिन हर बार पेपर लीक जैसी घटनाएं उनके सपनों पर डाका डाल देती हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि देश का युवा अब चुप नहीं बैठेगा और आम आदमी पार्टी सड़क से संसद तक इस लड़ाई को जारी रखेगी।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “पेपर लीक बंद करो”, “युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” और “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” जैसे नारे लगाए। पार्टी ने मांग की कि नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें।
विरोध प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष प्रकाशचंद जैन, युवा विंग अध्यक्ष अंकित खटीक, देवीदयाल यादव, कुंवर सिंह रघुवंशी, रामसिया गुप्ता, संतोष सिंह, रामरतन नामदेव, राजकुमार कछवाहा, बाबूलाल विश्वकर्मा, निकलेश निषाद, कमलेश ठाकुर, मोहित सेन, सन्नी सेन, सुदामा इदनानी, शिवचरण कुशवाहा, मंगल कोल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें