मंगलवार, 7 अप्रैल 2026

दिनदहाड़े चाकूबाजी से दहला कटनी, नाबालिग पर हमला — जांघ में फंसा टूटा चाकू

लगातार वारदातों से सहमे लोग, पुलिस पर बढ़ा दबाव

कटनी |शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में अपराधों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। संतनगर-नई बस्ती इलाके में एक बार फिर दिनदहाड़े चाकूबाजी की घटना सामने आई है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आजाद चौक निवासी एक नाबालिग अपने दोस्तों के साथ नई बस्ती शंभु टॉकीज रोड पर पूल खेलने गया था। खेल के बाद जब वह घर लौट रहा था, तभी रास्ते में अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया और किसी बात को लेकर विवाद करने लगे। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने नाबालिग पर चाकू से हमला कर दिया।


हमले में नाबालिग की जांघ पर गंभीर चोट आई है। बताया जा रहा है कि चाकू का वार इतना तेज था कि उसका टूटा हुआ हिस्सा जांघ में ही फंस गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घायल को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। परिजनों के अनुसार हमले का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घायल से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है।

लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं से कोतवाली क्षेत्र एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। दिनदहाड़े हो रही ऐसी वारदातों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और आमजन में भय का माहौल बना हुआ है।

कोई टिप्पणी नहीं:

Featured Post

हादसे के बीच मानवता की मिसाल बने विधायक, घायलों को अपनी गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल

विलायत कला के पास ऑटो और कार की भीषण टक्कर, कई घायल बड़वारा। बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत विलायत कला के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हाद...