शनिवार, 25 अप्रैल 2026

हाईवे पर ‘अंधी हत्या’ का सनसनीखेज खुलासा: लिफ्ट मांगकर ट्रक में बैठे, शराब पी और फिर व्हील पाना से उतार दिया मौत के घाट

कटनी। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर खून से लथपथ हालत में मिले ट्रक चालक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में सामने आया कि चालक ने रास्ते में तीन युवकों को लिफ्ट दी थी, जिन्होंने पहले साथ बैठकर शराब पी और फिर रुपए मांगने लगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने चालक पर हमला कर दिया और व्हील पाना से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुदेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले का खुलासा किया।

हाईवे पर वाहन में मिला था शव

पुलिस के अनुसार 10-11 अप्रैल की दरमियानी रात डायल-112 पर सूचना मिली थी कि छपरा नेशनल हाईवे रोड पर वाहन क्रमांक MP 20 GA 6242 में एक व्यक्ति खून से लथपथ हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान राकेश दाहिया (42) निवासी खितौला, सिहोरा जबलपुर के रूप में हुई, जो पेशे से चालक था।

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज

थाना स्लीमनाबाद पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ मौके से साक्ष्य जुटाए, परिजनों और वाहन मालिक से पूछताछ की तथा विभिन्न स्थानों के CCTV फुटेज खंगाले। जांच के दौरान संदेहियों की पहचान हुई।

22 अप्रैल को मुखबिर सूचना पर पुलिस ने रोहित कोल (21) निवासी ग्राम बंधी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपने साथी अमन चौबे उर्फ पंकज उर्फ भूत (22) और एक अन्य साथी मनोज के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

लिफ्ट देने की कीमत जान देकर चुकाई

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे चालक से लिफ्ट लेकर वाहन में बैठे थे। रास्ते में शराब पी और फिर पैसे मांगने लगे। चालक द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर तीनों ने हाथ-मुक्कों और व्हील पाना से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हथियार और मोबाइल जब्त

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त व्हील पाना तथा मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

कोई टिप्पणी नहीं:

Featured Post

शर्मनाक! कटनी जिला अस्पताल में इंसानियत शर्मसार: घायल मरीज तड़पता रहा, परिजनों से धुलवाई 108 एंबुलेंस

कटनी। जिला अस्पताल कटनी से बीती रात स्वास्थ्य व्यवस्था की संवेदनहीनता उजागर करने वाला शर्मनाक मामला सामने आया है। हादसे में घायल मरीज को ले...