शनिवार, 25 अप्रैल 2026

इंद्रानगर कांड पर भड़का जनाक्रोश: पुलिस को 72 घंटे का अल्टीमेटम, नहीं तो सड़कों पर होगा निर्णायक संग्राम

कटनी। इंद्रानगर बारात कांड ने अब विस्फोटक रूप ले लिया है। शादी समारोह में बारातियों, महिलाओं और मासूम बच्चों पर कथित लाठीचार्ज और बर्बर मारपीट के बाद जिलेभर में गुस्सा उबाल पर है। पीड़ित पक्ष और सामाजिक संगठनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 72 घंटे का अल्टीमेटम दे दिया है।

साफ चेतावनी दी गई है कि यदि तय समय सीमा में दोषी पुलिसकर्मियों और सिविल ड्रेस में शामिल हमलावरों पर FIR दर्ज नहीं हुई, तो कटनी की सड़कों पर बड़ा जनआंदोलन होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।

शादी में घुसी खाकी, टूटी इंसानियत

आरोप है कि इंद्रानगर में चल रहे शादी समारोह में पुलिस ने बिना ठोस कारण धावा बोल दिया और बारातियों पर लाठियां बरसा दीं। इस दौरान महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग तक नहीं बख्शे गए। कई लोग घायल हुए, तो कई अस्पताल पहुंचाए गए।

जिस घर में शहनाई बजनी थी, वहां चीख-पुकार गूंज उठी। जिलेभर में यह सवाल गूंज रहा है कि क्या अब बारात निकालना भी अपराध हो गया है?

SC/ST एक्ट में केस दर्ज करने की मांग

आक्रोशित नागरिकों ने मांग की है कि घटना में शामिल सभी पुलिसकर्मियों पर SC/ST एक्ट, मारपीट और मानवाधिकार हनन की धाराओं में तत्काल अपराध दर्ज किया जाए। साथ ही सिविल ड्रेस में मारपीट करने वालों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाए।

27 अप्रैल को निर्णायक आंदोलन

ज्ञापन में साफ कहा गया है कि यदि 26 अप्रैल तक न्याय नहीं मिला तो 27 अप्रैल दोपहर 3 बजे जिला मुख्यालय पर उग्र धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। आंदोलन में सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की बड़ी भागीदारी की तैयारी है।

सवालों के घेरे में पुलिस कप्तानी

घटना के बाद अब पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। क्या दोषियों को बचाया जा रहा है? क्या सिर्फ लाइन अटैच कर मामला ठंडा करने की कोशिश हो रही है? जनता जवाब मांग रही है।

अब फैसला प्रशासन के हाथ

इंद्रानगर कांड अब प्रशासन के लिए अग्निपरीक्षा बन चुका है। या तो दोषियों पर कार्रवाई होगी, या फिर कटनी में जनआक्रोश सड़कों पर उतरकर जवाब मांगेगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

Featured Post

शर्मनाक! कटनी जिला अस्पताल में इंसानियत शर्मसार: घायल मरीज तड़पता रहा, परिजनों से धुलवाई 108 एंबुलेंस

कटनी। जिला अस्पताल कटनी से बीती रात स्वास्थ्य व्यवस्था की संवेदनहीनता उजागर करने वाला शर्मनाक मामला सामने आया है। हादसे में घायल मरीज को ले...