रविवार, 12 अप्रैल 2026

कटनी में मंदिर चोर गिरोह का भंडाफोड़, 5 वारदातों का खुलासा; लाखों के जेवर बरामद

कटनी, 12 अप्रैल 2026। शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले शातिर गिरोह का कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एक विधि उल्लंघनकारी बालक को अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। चोरी का माल खरीदने वाले सराफा कारोबारी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 9 अप्रैल को हीरागंज स्थित दक्षिण मुखी काली मंदिर के पुजारी मयंक दुबे ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुबह पूजा के दौरान मंदिर से माता का चांदी का मुकुट, झुमका और सोने की नथ चोरी हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से भागते हुए नजर आए। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर 10 अप्रैल को प्रेमनगर क्षेत्र से एक संदेही को गिरफ्तार किया गया, जिसकी पहचान प्रकाश दुबे उर्फ अभिषेक दुबे (20) के रूप में हुई।

पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर कटनी और उमरिया जिले के विभिन्न मंदिरों में चोरी की पांच वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि चोरी का माल उमरिया निवासी राहुल उर्फ लालू सोनी को बेचा जाता था। पुलिस ने राहुल सोनी को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने की नथ बरामद की।

इसके अलावा आरोपी के पिता कृष्ण कुमार दुबे तथा एक नाबालिग को भी मामले में शामिल पाया गया, जिन्हें हिरासत में लेकर अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मंदिर चोरी के 7 मामले दर्ज हैं।

इन मंदिरों में हुई चोरी का खुलासा
पुलिस जांच में उमरिया जिले के ज्वालामुखी माता मंदिर, ददरी हनुमान मंदिर तथा कटनी जिले के पड़रिया और पिपरौध स्थित दुर्गा मंदिर सहित कुल 5 मंदिरों में चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। इन वारदातों में सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी की गई थी।

पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, चौकी प्रभारी खिरहनी फाटक उपनिरीक्षक किशोर कुमार द्विवेदी, सहायक उपनिरीक्षक रामेश्वर प्रसाद पटेल, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र तिवारी, आरक्षक अनिल सेंगर, वीरेन्द्र सिंह, पुष्राज सिंह, अजय प्रताप सिंह, अमित सिंह, उपेन्द्र सिंह, प्रवीण सिंह, दीपक तिवारी, मंसूर हुसैन, मोहन मण्डलोई, अजीत सिंह, चालक विकास राय, साइबर सेल से आरक्षक अजय शंकर साकेत तथा जिला उमरिया साइबर सेल से आरक्षक संदीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है, वहीं अन्य संबंधित मामलों की जानकारी संबंधित थानों को भेजी गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:

Featured Post

कटनी में मंदिर चोर गिरोह का भंडाफोड़, 5 वारदातों का खुलासा; लाखों के जेवर बरामद

कटनी, 12 अप्रैल 2026। शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले शातिर गिरोह का कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया ...