कटनी। न्याय की राह पर कदम रखने वाले युवा अधिवक्ताओं के लिए एक ऐतिहासिक पहल होने जा रही है। कटनी जूनियर अधिवक्ता संघ द्वारा पहली बार ऐसा आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश स्तर के नेतृत्व की मौजूदगी में जूनियर अधिवक्ताओं का सम्मान और प्रोत्साहन किया जाएगा।
संघ के अध्यक्ष संदीप नायक द्वारा जानकारी देते हुए बताया कि 31 मार्च 2026, दोपहर 1:00 बजे, झिंझरी स्थित जिला न्यायालय परिसर में स्थित अधिवक्ता संघ कार्यालय में भव्य बैंड सेरेमनी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस खास मौके पर मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता संघ के प्रदेश अध्यक्ष मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
संघ के अध्यक्ष ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य नए अधिवक्ताओं का मनोबल बढ़ाना और उन्हें उनके पेशे की जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित करना है। विधि की पढ़ाई के बाद न्याय दिलाने की वास्तविक चुनौती तब सामने आती है जब अधिवक्ता जमीनी स्तर पर कार्य करता है—ऐसे में यह मंच उन्हें सम्मान और दिशा दोनों देगा।
कार्यक्रम में जहां एक ओर वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सम्मान किया जाएगा, वहीं दूसरी ओर जूनियर अधिवक्ताओं को प्रदेश अध्यक्ष के हाथों बैंड पहनाकर विधिवत प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही, मुख्य अतिथि द्वारा मार्गदर्शनात्मक उद्बोधन भी दिया जाएगा, जिससे युवा अधिवक्ताओं को अपने करियर की दिशा तय करने में मदद मिलेगी।
यह आयोजन न सिर्फ कटनी बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक नई परंपरा की शुरुआत माना जा रहा है, जो अधिवक्ताओं के सम्मान और उत्साहवर्धन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें