सोमवार, 30 मार्च 2026

अंधेर नगरी, चौपट सिस्टम! कटनी में बेलगाम बदमाश — ट्रांसपोर्ट व्यवसायी पर चाकू से जानलेवा हमला

कटनी। जिले में कानून-व्यवस्था अब सवालों के घेरे में नहीं, बल्कि पूरी तरह कटघरे में खड़ी नजर आ रही है। एक के बाद एक हो रही आपराधिक वारदातों ने साफ कर दिया है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सिस्टम बेबस।

ताजा मामला कुठला थाना क्षेत्र के इंद्रानगर का है, जहां सोमवार शाम करीब सवा 6 बजे डीलक्स ट्रांसपोर्ट के संचालक दीपक द्विवेदी पर अज्ञात बदमाशों ने चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि दीपक अपने खेत से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में बदमाशों ने उन्हें रोककर रुपये की मांग की। इंकार करने पर पीछे से वार कर दिया — सीधा जान लेने की नीयत से।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घायल दीपक खुद लहूलुहान हालत में एमजीएम अस्पताल पहुंचे, जबकि हमलावर आराम से फरार हो गए। यह तस्वीर अपने आप में पुलिस व्यवस्था की हकीकत बयां कर रही है।

👉 सवालों की बौछार:

  • आखिर शहर में अपराधियों को किसका संरक्षण मिल रहा है?
  • पुलिस की गश्त और खुफिया तंत्र कहां गायब है?
  • क्या वारदात के बाद ही सक्रिय होना ही पुलिसिंग का नया पैमाना बन गया है?

कागजों में अपराध नियंत्रण के दावे और जमीनी हकीकत में खून से सनी सच्चाई — यही आज का कटनी है।

लगातार बढ़ती घटनाओं ने यह साबित कर दिया है कि जिले में “अंधेर नगरी चौपट राजा” वाली स्थिति बन चुकी है, जहां अपराधी बेखौफ हैं और आम आदमी भगवान भरोसे।

 अब निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं — क्या इस बार भी फाइलों में जांच दफन होगी, या अपराधियों पर सच में शिकंजा कसेगा?

कोई टिप्पणी नहीं:

Featured Post

“माधवनगर थाने से चंद कदम दूर ‘होटल सेवन इलेवन’ में शराबखोरी, सीएसपी की रेड ने खोली पोल”

कटनी। शहर में अवैध शराबखोरी पर लगाम कसने के दावों के बीच हकीकत उस वक्त सामने आ गई, जब माधव नगर थाना क्षेत्र में थाने से चंद कदमों की दूरी पर...