कटनी। शहर में अवैध शराबखोरी पर लगाम कसने के दावों के बीच हकीकत उस वक्त सामने आ गई, जब माधव नगर थाना क्षेत्र में थाने से चंद कदमों की दूरी पर संचालित होटल सेवन इलेवन (7/11) में देर रात नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसीया ने दबिश देकर पूरे खेल का भंडाफोड़ कर दिया।
LIVE रेड में बेनकाब हुआ ‘दारू का खेल’
सीएसपी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं तो अंदर का नजारा चौंकाने वाला था। बिना किसी वैध अनुमति के खुलेआम महंगी शराब परोसी जा रही थी और लोग बेखौफ जाम छलका रहे थे। पुलिस को देखते ही होटल में अफरा-तफरी मच गई, कई लोग मौके से खिसकने की कोशिश करते दिखे।
थाने के साए में फलता-फूलता रहा ‘दारू दरबार’
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर माधव नगर थाना से महज कुछ कदम दूर यह अवैध शराबखोरी का अड्डा कैसे संचालित होता रहा? क्या स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी नहीं थी या फिर सब कुछ जानकर भी अनदेखी की जा रही थी?
सीएसपी का सख्त रुख, मौके पर पूछताछ
रेड के दौरान सीएसपी ने मौके पर मौजूद लोगों से कड़ी पूछताछ की और होटल संचालक की भूमिका पर भी सीधे सवाल उठाए। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि बिना अनुमति शराब परोसी जा रही थी।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
कार्रवाई के बाद माधव नगर थाना पुलिस ने होटल संचालक के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें