करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर अभी से शुरू हुई तैयारी, डीआईजी अतुल सिंह ने दिए दक्षता बढ़ाने के निर्देश
कटनी। वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध सिंहस्थ महापर्व को लेकर मध्यप्रदेश पुलिस ने अभी से कमर कस ली है। करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण जैसी बड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए कटनी पुलिस द्वारा 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया।
जिला मुख्यालय में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जबलपुर रेंज के डी आई जी अतुल सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराया गया।
डीआईजी अतुल सिंह ने कहा कि सिंहस्थ केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि दुनिया के सबसे बड़े आध्यात्मिक आयोजनों में से एक है, जहां देश-विदेश से करोड़ों लोग पहुंचते हैं। ऐसे आयोजन में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, भीड़ नियंत्रण करना, यातायात को सुचारू रखना और श्रद्धालुओं को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है। उन्होंने प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और व्यवहारिक दक्षता विकसित करने पर विशेष जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य पुलिस बल को भविष्य की चुनौतियों के लिए पहले से तैयार करना है, ताकि सिंहस्थ के दौरान आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित वातावरण और सम्मानजनक व्यवहार मिल सके।
टीओटी मॉडल पर होगा प्रशिक्षण
यह पूरा प्रशिक्षण कार्यक्रम ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (TOT) मॉडल पर आधारित है। शिविर में प्रशिक्षित होने वाले मास्टर ट्रेनर्स आगे जिले के अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित मॉड्यूल के अनुसार प्रशिक्षण देंगे। इसके लिए विस्तृत प्रशिक्षण कैलेंडर और दिशा-निर्देश भी तैयार किए गए हैं।
इन विषयों पर मिलेगा विशेष प्रशिक्षण
- यातायात एवं रूट प्रबंधन
- भीड़ नियंत्रण तकनीक
- आवासीय एवं लॉजिस्टिक व्यवस्था
- आपदा एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया
- श्रद्धालुओं से संवाद कौशल
- सॉफ्ट स्किल्स एवं जनसंपर्क
- सेवा भाव आधारित पुलिसिंग
कार्यक्रम मैं पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सिंहस्थ-2028 में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर मध्यप्रदेश पुलिस की यह शुरुआती तैयारी बताती है कि प्रशासन इस बार किसी भी चुनौती को हल्के में लेने के मूड में नहीं है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें