कटनी। जिले के ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र में अवैध नलकूप खनन के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए बोरिंग मशीन सहित दो ट्रकों को जब्त किया है। मामले में आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गुड़ा में बिना वैध अनुमति के रोटरी बोर मशीन से नलकूप खनन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की।
मौके पर एक 10 चक्का ट्रक (क्रमांक KA 51 MA 3375, अशोक लीलैंड) में रोटरी बोरिंग मशीन लगाकर खनन करते पाया गया, जबकि पास में एक अन्य सपोर्ट ट्रक (क्रमांक KA 45 AH 2812) खड़ा था। मौके पर मौजूद चालक से बोरिंग की अनुमति से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
जांच में अवैध खनन की पुष्टि होने पर पुलिस ने दोनों ट्रकों को जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223, 3(5) तथा मध्यप्रदेश पेयजल परीक्षण अधिनियम 2022 की धारा 6 और 9 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, सहायक उपनिरीक्षक विजेंद्र कुमार तिवारी, प्रधान आरक्षक मनोज ठाकुर, आरक्षक रंजीत गंधर्व सहित अन्य स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें