कटनी। जिले में अवैध शराब के बढ़ते जाल पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई का दावा किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में चलाए गए “ऑपरेशन शिकंजा” के तहत पूरे जिले में एक साथ छापेमार कार्रवाई कर शराब माफियाओं के नेटवर्क पर चोट करने की कोशिश की गई।
पुलिस के अनुसार इस अभियान में 109 आरोपियों पर कार्रवाई करते हुए 109 प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि मौके से 475 लीटर अवैध देशी शराब, 19 लीटर कच्ची शराब, 24 पाव अंग्रेजी शराब और 6 बीयर बोतल बरामद की गई। जब्त शराब की कुल कीमत लगभग 2,98,720 रुपए आंकी गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना प्रभारियों और पुलिस टीमों ने एक साथ रेड डालकर यह कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि यह अभियान अवैध शराब के कारोबार को जड़ से खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम है।
लेकिन बड़ा सवाल अब भी जस का तस खड़ा है—
हकीकत यह है कि कटनी में अवैध शराब का कारोबार कोई एक दिन में खड़ा नहीं हुआ। लंबे समय से चल रहे इस काले धंधे ने गांवों तक अपनी जड़ें जमा ली हैं। ऐसे में एक दिन की बड़ी कार्रवाई भले ही सुर्खियां बटोर ले, लेकिन स्थायी असर तभी दिखेगा जब लगातार और सख्त कार्रवाई हो।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की सूचना कंट्रोल रूम नंबर 7587615946 पर दें, सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें