कटनी। जिला अस्पताल में महिला से एंबुलेंस की सफाई कराने का वीडियो वायरल होने और मामला सुर्खियों में आने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया। खबर प्रसारित होते ही कलेक्टर आशीष तिवारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह ठाकुर ने वायरल वीडियो की जांच कराई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर एंबुलेंस संचालन करने वाली कंपनी जेएईएस प्रोजेक्ट प्रा. लिमिटेड ने दो कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दीं।
बर्खास्त कर्मचारियों में एंबुलेंस पायलट देवा साहू और ईएमटी मोहित खटीक शामिल हैं।
यह शर्मनाक मामला सामने आने के बाद जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मरीजों की सेवा में तैनात कर्मचारियों द्वारा महिला से एंबुलेंस साफ करवाना न केवल अमानवीय कृत्य माना जा रहा है, बल्कि स्वास्थ्य व्यवस्था की संवेदनहीन तस्वीर भी उजागर करता है। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद अब अस्पताल प्रबंधन भी सवालों के घेरे में है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें