कटनी। शहर के कुछला थाना क्षेत्र अंतर्गत इंद्रानगर इलाके में चौधरी समाज की शादी उस वक्त मातम में बदल गई, जब अमदरा से आई बारात में कुछ बारातियों और पुलिस के बीच कहासुनी के बाद माहौल अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि मामूली विवाद पर पुलिस ने बारातियों ही नहीं, घरातियों पर भी जमकर लाठियां बरसाईं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिसिया कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बारात में शामिल कुछ लोग नशे की हालत में थे। इसी दौरान पुलिस पहुंची और कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते पुलिसकर्मियों ने लाठीचार्ज शुरू कर दिया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई, महिलाएं चीखती रहीं, बच्चे सहम गए और शादी का पंडाल रणक्षेत्र में बदल गया।
सबसे गंभीर आरोप लड़की पक्ष की ओर से लगाया गया है। लड़की के भाई का कहना है कि पुलिस दूल्हा, दुल्हन और उसे जबरन उठाकर थाने ले गई, जिसके चलते शादी की रस्में पूरी नहीं हो सकीं। परिवार का आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई ने एक खुशियों भरे घर को बर्बादी में बदल दिया।
मारपीट में घायल वर और वधू पक्ष के कई लोग न्याय की गुहार लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए मेडिकल परीक्षण और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद शहर में चर्चा तेज हो गई है कि आखिर शादी समारोह में कानून व्यवस्था संभालने पहुंची पुलिस ने हालात काबू करने के बजाय लाठी क्यों चलाई?
अब सबकी नजर पुलिस प्रशासन पर टिकी है कि इस मामले में जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी या मामला दबा दिया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें