कटनी। एनकेजे थाना क्षेत्र के प्रेमनगर स्थित काली मंदिर के पास मिले युवक की रहस्यमयी हत्या का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया। मामले में पुलिस ने पति-पत्नी और साले को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने युवक को प्रेमजाल में फंसाकर बुलाया, फिर पैसे की मांग कर चाकू, डंडे और मुक्कों से हमला कर मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया एवं सीएसपी रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में एनकेजे थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत के नेतृत्व में गठित टीम ने इस अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाई।
खून से लथपथ मिला था युवक
17 अप्रैल को डायल-112 पर सूचना मिली थी कि प्रेमनगर काली मंदिर के पास एक युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा है। पुलिस ने तत्काल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान प्रदीप साहू (23), निवासी पहरिया थाना बड़वारा के रूप में हुई।
CCTV फुटेज से खुला राज
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में युवक को पास के एक मकान से अधमरी हालत में निकलते देखा गया। पुलिस ने मकान मालिकों से पूछताछ की तो पूरा मामला सामने आ गया।
महिला ने बुलाया, फिर रची मौत की पटकथा
जांच में सामने आया कि आरोपी शिवानी जायसवाल ने मृतक प्रदीप साहू को फोन कर प्रेमनगर बुलाया। उसे शारीरिक संबंध बनाने का झांसा देकर एक मकान के कमरे में ले जाया गया। पहले से तय योजना के तहत शिवानी का पति विपिन दुबे और भाई मनीष जायसवाल कमरे में पहुंचे और प्रदीप से पैसों की मांग करने लगे।
पैसे नहीं देने पर तीनों ने मिलकर युवक पर चाकू, डंडे और मुक्कों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रदीप किसी तरह बाहर निकला, लेकिन कुछ दूर जाकर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने दबिश देकर शिवानी जायसवाल को घर से तथा विपिन दुबे और मनीष जायसवाल को नदी किनारे छिपे ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों ने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे का चाकू और डंडा भी बरामद कर लिया है।
पुलिस टीम की सराहना
हत्या जैसे गंभीर मामले का 36 घंटे में खुलासा करने पर थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत, उप निरीक्षक अरुण पाल सिंह, नरेश झारिया, सहित पूरी पुलिस टीम और साइबर सेल के अमित श्रीपाल एवं शुभम गुप्ता की सराहनीय भूमिका रही।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें