भोपाल/नई दिल्ली -: अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने मध्यप्रदेश में संगठन को मजबूती देने के उद्देश्य से बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश पदाधिकारियों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 66 महिला नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की स्वीकृति से जारी इस सूची में प्रदेशभर के विभिन्न जिलों की सक्रिय महिला कार्यकर्ताओं को स्थान दिया गया है। संगठन विस्तार की इस कवायद को आगामी राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
सूची के अनुसार कई जिलों से उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव और संयुक्त सचिव पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। खास बात यह है कि कटनी, रीवा, ग्वालियर, इंदौर, भोपाल, सिंगरौली, सतना समेत कई जिलों को प्रतिनिधित्व मिला है, जिससे क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश साफ नजर आती है।
इस नियुक्ति प्रक्रिया में मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, महिला कांग्रेस प्रभारी ममता चन्द्राकर, सह प्रभारी ममता वशिष्ठ एवं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया की अहम भूमिका रही।
राजनीतिक मायने
आगामी चुनावी तैयारियों को देखते हुए महिला कांग्रेस का यह विस्तार बेहद अहम माना जा रहा है। पार्टी संगठन के भीतर महिला भागीदारी बढ़ाने और जमीनी स्तर पर पकड़ मजबूत करने की रणनीति के तहत यह सूची जारी की गई है।
कांग्रेस अब महिला शक्ति को आगे रखकर प्रदेश में नई राजनीतिक धार देने की तैयारी में है।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें