गुरुवार, 23 अप्रैल 2026

चंद बकायेदारों की सजा पूरे गांव को: पौड़ी पड़रिया में 3 दिन से ब्लैकआउट, गर्मी-प्यास से बेहाल ग्रामीण

बिजली विभाग की मनमानी! ईमानदार उपभोक्ताओं पर भी गिरी गाज, आंदोलन की चेतावनी

कटनी (कन्हवारा)। भीषण गर्मी के बीच जहां सरकार राहत के दावे कर रही है, वहीं कटनी जिले की मुड़वारा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पौड़ी पड़रिया में बिजली विभाग की कथित तानाशाही ने ग्रामीणों की जिंदगी अंधेरे में धकेल दी है। गांव में पिछले तीन दिनों से बिजली सप्लाई ठप है। आरोप है कि कुछ बकायेदारों से वसूली करने के बजाय पूरे गांव की लाइन काट दी गई।

गर्मी और जल संकट से त्राहिमाम

लगातार बिजली बंद रहने से गांव की नल-जल योजना प्रभावित हो गई है। पीने के पानी के लिए महिलाएं परेशान हैं, बच्चे उमस और गर्मी में बिलबिला रहे हैं, बुजुर्ग रातभर जागने को मजबूर हैं। पशुधन भी पानी और पंखे के अभाव में परेशान है।

जिन्होंने बिल भरा, उन्हें भी सजा क्यों?

ग्रामीणों का कहना है कि गांव के कई परिवार नियमित रूप से बिजली बिल जमा करते हैं, फिर भी उन्हें बिना किसी गलती के सजा दी जा रही है। सवाल उठ रहा है कि क्या विभाग चंद बकायेदारों पर कार्रवाई करने में असफल होकर पूरे गांव को प्रताड़ित कर रहा है?

ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन

आक्रोशित ग्रामीणों ने मध्यप्रदेश विद्युत मंडल कटनी को लिखित आवेदन देकर मांग की है कि जिन लोगों का बिल बकाया है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए, लेकिन पूरे गांव की बिजली तत्काल बहाल की जाए।

चेतावनी: नहीं सुधरे हालात तो होगा आंदोलन

ग्रामीणों ने साफ कहा है कि यदि जल्द बिजली चालू नहीं हुई तो सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

जनता पूछ रही सवाल

क्या बिजली विभाग वसूली के नाम पर सामूहिक दंड दे रहा है? क्या ईमानदार उपभोक्ताओं के अधिकारों की कोई कीमत नहीं? अब निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि वह ग्रामीणों को राहत देता है या नहीं।

कोई टिप्पणी नहीं:

Featured Post

खाकी और माइनिंग के नाम पर 'फर्जीवाड़ा': कटनी के गर्ग चौराहे पर आधी रात को वसूली का नंगा नाच!

बेखौफ लुटेरे: शहर के बीचों-बीच फर्जी अफसर बन ट्रक रोका, 35 हजार की डिमांड; कारोबारी से अभद्रता कर दी थाने ले जाने की धौंस कटनी। संस्कारधानी ...