बरही/कटनी। तहसील बरही के ग्राम खन्ना स्थित छैघरा क्षेत्र में रविवार दोपहर करीब 12 बजे भीषण आग लगने से लगभग 30 एकड़ रकबे में खड़ी फसल जलकर खाक हो गई। आग की वजह 11 केव्ही विद्युत लाइन के जंफर से निकली चिंगारी बताई जा रही है, जिसने देखते ही देखते खेतों को अपनी चपेट में ले लिया।
इस आगजनी की घटना में ग्राम सरपंच हरिहर पटेल सहित किसान गोविंद पटेल, नीरज पटेल, रामावतार यादव, शीतल पटेल और भूपति पटेल के खेतों में खड़ी गेहूं और सरसों की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक बड़ी मात्रा में फसल जल चुकी थी।
सूचना मिलने पर नगर परिषद बरही का दमकल दस्ता मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। बताया जा रहा है कि इस घटना से करीब 20 किसान प्रभावित हुए हैं।
पीड़ित किसानों ने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि संबंधित स्थान पर 11 केव्ही लाइन का जंफर लगा हुआ है और विभाग द्वारा खुले तारों के माध्यम से लगभग 4 किलोमीटर दूर तक बिजली सप्लाई दी जा रही है, जिससे चिंगारी निकलकर फसलों में आग लग गई।
घटना के बाद पीड़ित किसान राजस्व अमले से नुकसान का सर्वे कराने की मांग कर रहे हैं। किसानों ने तहसीलदार बरही से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनसे संपर्क नहीं हो सका। किसानों ने प्रशासन से शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि उनके सामने खड़े आजीविका संकट को दूर किया जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें