स्विमिंग पूल में सात वर्षीय अथर्व की डूबने से गई थी जान, अब किचन में सिलेंडर ने पकड़ी आग; मौके पर फायर फाइटर तक नहीं होने का आरोप, बड़े हादसे की आशंका से सहमे मेहमान
कटनी। शहर के एनकेजे थाना क्षेत्र स्थित राघव रिजेंसी में सुरक्षा इंतजामों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वाटरफॉल के स्विमिंग पूल में सात वर्षीय मासूम अथर्व की डूबने से हुई मौत का मामला अभी भुलाया भी नहीं गया है। घटना की जांच और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवालों का जवाब अब तक सामने नहीं आया, वहीं अब शादी समारोह के दौरान किचन में गैस सिलेंडर में लगी आग ने एक बार फिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। हैरानी की बात यह है कि जिस समय शादी समारोह में बड़ी संख्या में मेहमान मौजूद थे, उस दौरान आग बुझाने के लिए मौके पर फायर फाइटर तक उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई। गनीमत रही कि समय रहते दमकल वाहन पहुंच गए, अन्यथा यह घटना बड़े हादसे में तब्दील हो सकती थी।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 12:30 बजे राघव रिजेंसी में शादी समारोह के दौरान किचन में गैस सिलेंडर ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर नगर निगम की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन दल ने आग पर काबू पाने के साथ गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला। उस समय कई जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी भी बताई जा रही है। ऐसे में घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पहले स्विमिंग पूल में गई थी मासूम की जान
यह पहला मामला नहीं है, जब राघव रिजेंसी की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आई हो। इससे पहले गर्मियों की छुट्टियां मनाने टीकमगढ़ से कटनी अपनी नानी के घर आए सात वर्षीय अथर्व की वाटरफॉल स्थित स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई थी। वह अपनी मां नीलू और मौसी अनामिका गुप्ता के साथ वहां घूमने गया था। इसी दौरान अथर्व पूल में बेसुध मिला। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने उस समय आरोप लगाया था कि परिसर में न तो सुरक्षा गार्ड था और न ही बच्चों की निगरानी के लिए कोई जिम्मेदार कर्मचारी मौजूद था। मासूम की मौत के बाद सुरक्षा इंतजामों और घटना की जांच को लेकर कई सवाल उठे थे।
एक ही परिसर में दो घटनाएं, सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
एक ही परिसर में पहले स्विमिंग पूल में मासूम की मौत और अब शादी समारोह के दौरान गैस सिलेंडर में आग लगने की घटना ने सुरक्षा मानकों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि क्या स्विमिंग पूल और समारोह स्थल की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित जांच होती है? क्या परिसर में पर्याप्त अग्निशमन उपकरण, प्रशिक्षित कर्मचारी और आपातकालीन सुरक्षा इंतजाम मौजूद हैं? यदि व्यवस्था मौजूद है तो आग लगने के दौरान मौके पर फायर फाइटर की अनुपस्थिति की बात क्यों सामने आई?
प्रशासन की निगरानी और जवाबदेही पर सवाल
शहर में मैरिज गार्डन, होटल और वाटरफॉल जैसे व्यावसायिक एवं मनोरंजन स्थलों पर रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। राघव रिजेंसी में सामने आई दोनों घटनाएं संबंधित विभागों की निगरानी और निरीक्षण व्यवस्था की गंभीर समीक्षा की जरूरत बता रही हैं।
अब जिला प्रशासन को पूरे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए कि स्विमिंग पूल में मासूम की मौत के बाद सुरक्षा ऑडिट कराया गया था या नहीं? शादी समारोह में आग लगने के दौरान अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम क्यों उपलब्ध नहीं थे? और यदि सुरक्षा मानकों में कमी पाई जाती है तो जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होगी?
आखिर कब तक हादसों के बाद ही सुरक्षा व्यवस्था की सुध ली जाएगी? पहले एक मासूम की जान चली गई और अब शादी समारोह में आग ने बड़े हादसे का खतरा पैदा कर दिया। सवाल सीधा है—क्या प्रशासन किसी और अनहोनी का इंतजार कर रहा है?





















