रविवार, 12 अप्रैल 2026

कटनी में 163 बच्चों के साथ बड़ा मानव तस्करी मामला उजागर, 8 लोगों पर केस दर्ज

कटनी। जिले में मानव तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां जीआरपी थाना कटनी ने 8 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। मामला उस समय उजागर हुआ जब पटना–पुणे एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहे 163 बच्चों को संदेह के आधार पर आरपीएफ ने कटनी रेलवे स्टेशन पर उतारकर जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सभी बच्चे बिहार के अररिया जिले से लातूर स्थित एक मदरसे में भेजे जा रहे थे। बच्चों के पास पर्याप्त और स्पष्ट दस्तावेज नहीं पाए गए, जिससे मामला संदिग्ध हो गया। इसके बाद पुलिस, बाल संरक्षण विभाग और अन्य एजेंसियों ने बच्चों की काउंसलिंग और दस्तावेजों की गहन जांच की।


जांच के बाद पूरे मामले को मानव तस्करी से जुड़ा मानते हुए जीआरपी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। सभी आरोपी बिहार के निवासी बताए जा रहे हैं।

बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 80 बच्चों को कटनी के बाल आश्रय गृह में रखा गया है, जबकि 83 बच्चों को जबलपुर भेजा गया है। प्रशासन द्वारा सभी बच्चों की काउंसलिंग कराई जा रही है और उनके परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया जारी है।

डीएसपी विजय गोठरिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कटनी में इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य संभावित कड़ियों की भी तलाश में जुट गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें