शनिवार, 6 दिसंबर 2025

लगभग चार माह में पकड़ाए लूट के चार आरोपी, पांचवा अब भी फरार, कुठला पुलिस ने हाईवे लूट कांड का किया खुलासा

लगभग चार माह में पकड़ाए लूट के चार आरोपी, पांचवा अब भी फरार,

कुठला पुलिस ने हाईवे लूट कांड का किया खुलासा

कटनी। जिले में बढ़ते अपराध पर नकेल कसते हुए कुठला पुलिस ने करीब चार माह पुरानी हाईवे लूट की वारदात का सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पाँचवा आरोपी अब भी फरार है जिसकी तलाश तेज कर दी गई है।

मामला 31 अगस्त 2025 की रात का है, जब ठेकेदार विवेक शर्मा अपनी कार से पन्ना लौट रहे थे। कील फैक्ट्री के पास हाईवे पर रुकने के दौरान तीन युवकों ने शाहनगर तक लिफ्ट माँगी। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज और चाकू दिखाकर वनप्लस मोबाइल, सोने की दो अंगूठियाँ, चेन और 8,000 रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।


पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और लगातार खोजबीन के बाद चार संदिग्धों को पकड़ा—

अमर चौधरी (21), मोहनलाल चौधरी (32), संजय उर्फ कामता चौधरी (23) और धर्मेन्द्र चौधरी (21), सभी निवासी सुगहरा थाना शाहनगर, जिला पन्ना।

पूछताछ में सभी ने वारदात को स्वीकार करते हुए बताया कि सोने की अंगूठियाँ उन्होंने गुदरी निवासी ब्रजेश सोनी को 38,000 रुपये में बेचीं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल, चेन, टाइटन घड़ी, 3,700 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त मोटर साइकिल बरामद की है।

फरार आरोपी ब्रजेश सोनी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें